अल्मोड़ा: क्वारब में बादल फटने की खबर झूठी व‌ अफवाह, प्रशासन हुआ सख्त, अफवाही पोस्ट करने वालों पर होगी कार्रवाई

अल्मोड़ा: सोशल मीडिया पर क्वारब क्षेत्र में बादल फटने की प्रसारित हो रही खबरों को जिला प्रशासन ने पूरी तरह गलत और भ्रामक बताया है।

खबर को बताया भ्रामक

इस संबंध में प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में ऐसी कोई घटना नहीं हुई है और स्थिति पूरी तरह सामान्य है। आपदा से जुड़ी झूठी खबर फैलाकर जनता में डर का माहौल बनाने वालों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। सोशल मीडिया पर खबर वायरल होते ही जिला प्रशासन ने क्वारब क्षेत्र की स्थिति की धरातलीय पड़ताल की, जिसमें बादल फटने का दावा पूरी तरह फर्जी पाया गया। भ्रामक पोस्ट शेयर करने वाली संबंधित सोशल मीडिया आईडी का प्रशासन ने संज्ञान ले लिया है। आपदा के दौरान अफवाह फैलाने और आमजन में बेवजह भय उत्पन्न करने के जुर्म में दोषियों के विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम के सुसंगत प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है।

आमजन से की यह अपील

आपदा या मौसम संबंधी किसी भी सूचना की सत्यता की पुष्टि किए बिना उसे सोशल मीडिया पर साझा या फॉरवर्ड न करें।केवल जिला प्रशासन, मौसम विभाग (IMD) एवं अधिकृत सरकारी माध्यमों से जारी बुलेटिन पर ही विश्वास करें।
संवेदनशील परिस्थितियों में जिम्मेदार नागरिक बनें और किसी भी तरह की अपुष्ट सूचनाओं को आगे बढ़ाने से बचें।