उत्तराखंड: इस जिले में आवारा कुत्तों का आतंक, 10 स्कूल 4 दिनों के लिए हुए बंद, रेबीज के खौफ से तैनात हुई संयुक्त टीम

उत्तराखंड: चमोली जिले के नारायणबगड़ क्षेत्र में आवारा कुत्तों के बढ़ते हमलों को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिस पर मुख्य शिक्षा अधिकारी (CEO) आकाश सारस्वत ने जिलाधिकारी गौरव कुमार के निर्देश पर सड़क किनारे स्थित 10 विद्यालयों में 20 से 23 अगस्त तक चार दिनों का अवकाश घोषित कर दिया है।

कुत्तों का आतंक

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक क्षेत्र में दहशत की शुरुआत एक पागल कुत्ते से हुई, जिसने बाजार में कई लोगों और मवेशियों को काट लिया। इसके चलते कई अन्य पशु भी रेबीज की चपेट में आ गए। बुधवार को ‘उत्तरांचल विद्या निकेतन’ के दो छात्र भी कुत्तों के हमले में घायल हो गए। खौफ का आलम यह है कि लोग और व्यापारी सुरक्षा के लिए हाथों में डंडे लेकर चलने को मजबूर हैं। कुत्तों पर काबू पाने के लिए प्रशासन ने वन विभाग, आपदा प्रबंधन और पशुपालन विभाग के कर्मचारियों की एक बड़ी संयुक्त टीम तैनात की है। इस टीम ने क्षेत्र में अभियान चलाकर कई कुत्तों को पकड़ा और उनका उपचार शुरू किया है। स्थानीय ब्लॉक प्रमुख गणेश चंदोला द्वारा जिलाधिकारी को भेजे गए ज्ञापन के बाद यह त्वरित कार्रवाई की गई है। इस दौरान बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऑनलाइन कक्षाएं संचालित की जाएंगी।

बंद रहने वाले विद्यालय

• ​राजकीय इंटर कॉलेज
• ​राजकीय बालिका इंटर कॉलेज
• ​सरस्वती शिशु मंदिर
• ​उत्तरांचल विद्या निकेतन
• ​राजकीय प्राथमिक विद्यालय
• ​श्री गुरु रामराय पब्लिक स्कूल, पंती
• ​राजकीय प्राथमिक विद्यालय, नलगांव
• ​राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, नलगांव
• ​मॉडर्न चिल्ड्रंस एकेडमी
• ​उत्तराखंड विद्यालय निकेतन