नैनीताल: ठगी के नंबरों पर ‘फुल स्टॉप, एसएसपी डाॅ. मंजूनाथ टीसी का चक्रव्यूह—साइबर ठगों के नेटवर्क की खुली कुंडली

नैनीताल: जनपद में तेजी से बढ़ते साइबर अपराधों पर लगाम लगाने और आम जनता को ठगी से सुरक्षित रखने के लिए नैनीताल पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया है।

पुलिस की कार्यवाही

इसी क्रम में एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में पुलिस ने साइबर ठगों के नेटवर्क पर करारा प्रहार करते हुए 378 संदिग्ध सिम कार्ड और 361 IMEI नंबरों को चिन्हित कर उन्हें निष्क्रिय (डिस्कनेक्ट) करने की कार्यवाही शुरू कर दी है।

‘प्रतिबिम्ब’ पोर्टल से कसी गई नकेल

पुलिस मुख्यालय देहरादून द्वारा चलाए जा रहे ‘हॉटस्पॉट अभियान’ के तहत नैनीताल की साइबर टीम, SOG और थाना पुलिस ने समन्वय पोर्टल के ‘प्रतिबिम्ब’ फीचर का उपयोग किया। तकनीकी विश्लेषण और पुलिस सत्यापन के दौरान पाया गया कि इन मोबाइल नंबरों और हैंडसेट (IMEI) का इस्तेमाल वित्तीय धोखाधड़ी और अन्य साइबर अपराधों में किया जा रहा था। भविष्य में होने वाली ठगी की घटनाओं को रोकने के लिए इनके कनेक्शन स्थायी रूप से बंद कराए जा रहे हैं। साथ ही एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि पुलिस टीम लगातार संदिग्ध नंबरों की निगरानी और तकनीकी जांच कर रही है।

पुलिस की अपील

साइबर अपराधों से बचाव के लिए नैनीताल पुलिस ने नागरिकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। कहा कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ अपना OTP, बैंक खाता विवरण, ATM/डेबिट कार्ड नंबर, पासवर्ड या CVV साझा न करें। साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना समय गंवाए तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें और अपने संबंधित बैंक को सूचित करें।