उत्तराखंड: संस्कृत मय होगी कुंभ नगरी: ‘वेलकम’ नहीं, अब ‘स्वागतम्’ से होगा श्रद्धालुओं का अभिनंदन, इनको मिलेगा संस्कृत प्रशिक्षण

उत्तराखंड:‌ उत्तराखंड के हरिद्वार में कुंभ मेले में आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं और पर्यटकों को इस बार उत्तराखंड की प्राचीन संस्कृति और भाषा की अनूठी झलक देखने को मिलेगी।

दिया जाएगा प्रशिक्षण

जी हां हरिद्वार और ऋषिकेश को ‘संस्कृत नगरी’ के रूप में विकसित करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसके तहत कुंभनगरी में आने वाले यात्रियों का स्वागत अंग्रेजी शब्द ‘वेलकम’ की जगह ‘स्वागतम्’ और अन्य संस्कृत शब्दों व श्लोकों से किया जाएगा। इस संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के देवभाषा संस्कृत को बढ़ावा देने के संकल्प के तहत मेला प्रशासन ने उत्तराखंड संस्कृत संस्थान को 50 लाख रुपये का बजट आवंटित किया है। इस योजना के तहत रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, टैक्सी, ऑटो सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों और कुलियों को संस्कृत भाषा का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। उत्तराखंड संस्कृत संस्थान के सचिव प्रो. विनय कुमार विद्यालंकार के अनुसार, जल्द ही 100 से अधिक लोगों के पहले बैच को प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रशिक्षण में यात्रियों से संवाद के दौरान इस्तेमाल होने वाले सामान्य संस्कृत शब्दों और वाक्यों का अभ्यास कराया जाएगा।