उत्तराखंड: उत्तराखंड इनोवेटर रवि टम्टा का ‘फ्लाइंग कार’ प्रोजेक्ट, सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सराहा, दिए सरकारी मदद के निर्देश

उत्तराखंड: उत्तराखंड के युवा इनोवेटर और स्टार्टअप उद्यमी रवि टम्टा ने मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की।

सीएम से मुलाकात

इस दौरान उन्होंने अपने महत्वाकांक्षी ‘फ्लाइंग कार प्रोजेक्ट’ की तकनीकी जानकारी, अब तक की प्रगति और भविष्य की योजनाओं को विस्तार से साझा किया। जानकारी के अनुसार जिस पर मुख्यमंत्री ने इस नवाचार की सराहना करते हुए मौके पर ही सचिव उद्योग को स्टार्टअप को नियमानुसार हर संभव सरकारी सहयोग देने के निर्देश जारी किए।

दी बधाई

रवि टम्टा के फ्लाइंग कार तकनीक पर किए जा रहे प्रयासों को देखकर सीएम ने उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और औद्योगिक नीतियों के तहत मदद की संभावनाएं तलाशने को कहा। पर्वतीय राज्य होने के कारण उत्तराखंड के दूरदराज इलाकों में ऐसी आधुनिक परिवहन तकनीकों को कनेक्टिविटी के लिहाज से अहम माना जा रहा है। हालांकि, सीएम ने इसमें सुरक्षा और नियामकीय मानकों के पालन को भी जरूरी बताया। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि संसाधनों के अभाव में किसी युवा का सपना नहीं रुकेगा। सरकार उत्तराखंड को देश का अग्रणी स्टार्टअप हब बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।