नैनीताल: दीजिए बधाई: डॉ. श्वेता मजगाईं शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार 2025-26 से सम्मानित, विज्ञान को बनाया खेल, छात्रों को दिलाया ‘इंस्पायर अवार्ड’

कोटाबाग (नैनीताल): राजकीय जूनियर हाईस्कूल विजयपुर, ब्लॉक कोटाबाग की सहायक अध्यापक (विज्ञान) डॉ. श्वेता मजगाईं को शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार 2025-26’ से सम्मानित किया गया है।

किया सम्मानित

प्रारंभिक शिक्षा के क्षेत्र में इस वर्ष यह प्रतिष्ठित पुरस्कार पाने वाली वह राज्य की एकमात्र महिला शिक्षिका हैं। डॉ. श्वेता मजगाईं को यह सम्मान वंचित वर्ग के बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने, उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने तथा ‘कबाड़ से जुगाड़’ और शून्य निवेश वर्किंग मॉडल के माध्यम से विज्ञान को सरल व रोचक बनाने के लिए दिया गया है। उन्होंने विद्यालय में एक विशेष ‘साइंस लर्निंग कॉर्नर’ भी स्थापित किया है, जहाँ खेल-खेल में दिया गया व्यावहारिक ज्ञान बच्चों के दिमाग में स्थायी रूप से बस जाता है।

प्रोत्साहन धनराशि प्रदान की

डॉ. श्वेता के कुशल मार्गदर्शन का ही परिणाम है कि उनके विद्यालय के छात्र विज्ञान महोत्सव, विज्ञान प्रदर्शनी, क्विज और ‘इंस्पायर अवार्ड मानक’ (भारत सरकार) में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। इस वर्ष भी उनके दो बाल वैज्ञानिकों का चयन ‘इंस्पायर अवार्ड’ के लिए हुआ है, जिनमें से प्रत्येक को ₹10,000 की प्रोत्साहन धनराशि प्राप्त हुई है।

पूर्व की उपलब्धियां

छात्र जीवन से ही होनहार रहीं डॉ. श्वेता को कुमाऊं विश्वविद्यालय से एम.एससी. (वनस्पति विज्ञान) में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने पर तत्कालीन राज्यपाल सुदर्शन अग्रवाल द्वारा ‘गवर्नर गोल्ड मेडल’ प्रदान किया गया था। इसके अलावा, उन्हें वर्ष 2024 में उत्तराखंड शासन द्वारा ‘उत्तराखंड विज्ञान शिक्षा प्रसार सम्मान’ (नवाचार श्रेणी) से भी नवाजा जा चुका है।
डॉ. श्वेता मजगाईं ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय ईश्वर, माता-पिता ( जीवन सिंह मजगाईं व दया मजगाईं), पति राकेश जोशी, पुत्र रुद्रांश और अपने समर्पित विद्यार्थियों के अटूट भरोसे को दिया है।