अल्मोड़ा: अल्मोड़ा जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण अल्मोड़ा नगर में हादसों और आपदा का खतरा बढ़ता जा रहा है। नगर के बीचों-बीच स्थित मुरली मनोहर वार्ड के थाना बाजार में एक लगभग सौ वर्ष पुराना आवासीय भवन बारिश के चलते जर्जर हालत में पहुंच गया है। भवन की दीवारों में बड़ी-बड़ी दरारें आ गई हैं और नींव कमजोर होने से इसके कभी भी धराशायी होने का अंदेशा बना हुआ है।
जीर्ण-शीर्ण मकान का किया निरीक्षण
मामले का संज्ञान लेते हुए आज सोमवार को नगर निगम के महापौर और निगम कार्मिकों की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। खतरे की गंभीरता को देखते हुए महापौर ने एहतियात के तौर पर भवन में रह रहे सभी परिवारों को तुरंत परिसर खाली करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में जन-धन की सुरक्षा सबसे पहली प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार का जोखिम नहीं लिया जाएगा।
भवन स्वामी को औपचारिक नोटिस जारी
इस निरीक्षण के बाद नगर निगम प्रशासन की ओर से त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित भवन स्वामी को नोटिस जारी किया गया है। नोटिस के माध्यम से निर्देश दिए गए हैं कि जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भवन के इस खतरनाक और जीर्ण-शीर्ण हिस्से को तत्काल हटा लिया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की जन-धन की हानि से बचा जा सके। महापौर अजय वर्मा ने एहतियात के तौर पर भवन में रह रहे सभी परिवारों को तुरंत घर खाली करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन किसी भी प्रकार का जोखिम नहीं लेना चाहता, जान-माल की सुरक्षा सबसे पहले है। इधर, कई जगहों पर जलभराव और भूस्खलन की खबरें आ रही हैं। नगर निगम की टीम को अलर्ट पर रखा गया है और जर्जर भवनों को चिन्हित करने का काम किया जा रहा है।
शीघ्र सुरक्षा उपाय की मांग
साथ ही प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि समय रहते जर्जर हिस्से को नहीं हटाया गया, तो नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। स्थानीय निवासियों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश से भवन की स्थिति दिनों-दिन बदतर होती जा रही है। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित परिवारों के लिए त्वरित वैकल्पिक आवास की व्यवस्था करने की मांग की है। उधर, नगर में जलभराव और भूस्खलन की आशंका वाले अन्य क्षेत्रों को देखते हुए नगर निगम की टीम को अलर्ट पर रखा गया है तथा पुराने व जर्जर भवनों का सर्वे कर उन्हें चिन्हित करने का काम जारी है।