अल्मोड़ा: बैडमिंटन में ध्रुव रावत का फिर बजा डंका: अफ्रीकी सरजमीं पर लहराया तिरंगा, कैमरून इंटरनेशनल चैलेंज में जीता गोल्ड मेडल


अल्मोड़ा: उत्तराखंड के अल्मोड़ा (पांडेखोला) निवासी स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी ध्रुव रावत ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय पटल पर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है।

जीता गोल्ड मेडल

पश्चिमी अफ्रीकी देश कैमरून की राजधानी याउंडे (वारडा) में 3 से 6 सितंबर तक आयोजित कैमरून इंटरनेशनल चैलेंज 2026 बैडमिंटन टूर्नामेंट में ध्रुव ने अपनी जोड़ीदार मनीषा के. के साथ मिलकर मिक्स डबल्स का स्वर्ण पदक जीता है।‌ ध्रुव और मनीषा की जोड़ी ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल का प्रदर्शन किया। जिसमें ​क्वार्टर फाइनल में कैमरून की जीन मारी फ्राइड इविन और प्रेस्ड रिने यूनिस इयोनो की जोड़ी को सीधे सेटों में 21-6, 21-10 से मात दी। ​सेमीफाइनल में युगांडा के मुजफर लिबेगा और ग्लैडिस मोबाबाज को 21-18, 21-8 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। वहीं ​फाइनल मुकाबले में अल्जीरिया की मजबूत जोड़ी कोकेला मम्मीरी और टेनिना विओली मम्मरी को 23-21, 21-17 से हरा कर स्वर्ण पदक जीता।

दो सप्ताह में लगातार दो अंतरराष्ट्रीय खिताब

ध्रुव रावत की यह सफलता इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने लगातार दो सप्ताहों में दो अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट अपने नाम किए हैं। इससे ठीक एक हफ्ते पहले उन्होंने लागोस इंटरनेशनल चैलेंज का खिताब भी अपने नाम किया था। वह अब जल्द ही बड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते नजर आएंगे।

खेल जगत में खुशी की लहर

ध्रुव की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उत्तरांचल राज्य बैडमिंटन संघ के चीफ पैटर्न व पूर्व पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार, अध्यक्षा डॉ. अलकनंदा अशोक, सचिव बी.एस. मनकोटी और कोषाध्यक्ष रामावतार अग्रवाल ने खुशी जताई। इसके साथ ही अल्मोड़ा जिला बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष सुरेश कर्नाटक, सचिव डॉ. संतोष बिष्ट, जिला क्रीड़ा अधिकारी महेशी आर्या, अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन कोच डी.के. सेन सहित पूरे बैडमिंटन परिवार और खेल प्रेमियों ने ध्रुव को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।