अल्मोड़ा: जीआईसी लोधिया के निरीक्षण पर पहुंचे डीएम अंशुल सिंह, जर्जर भवनों को ध्वस्त कर नया विद्यालय बनाने के दिए निर्देश

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने आज सोमवार को राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) लोधिया का स्थलीय निरीक्षण किया। यहां उन्होंने विद्यालय के कक्षा-कक्षों और परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। जर्जर भवनों को ध्वस्त कर नए विद्यालय भवन के निर्माण का विस्तृत प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजा जाए।
​निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों से भवन की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि निर्धारित मानकों के तहत जर्जर ढांचे को ध्वस्त करने की कार्ययोजना तैयार की जाए। साथ ही नए भवन निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर स्वीकृति हेतु शासन को प्रेषित किया जाए। साथ ही जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आपदा मद के अंतर्गत कराए जा सकने वाले आवश्यक कार्यों का तुरंत आकलन किया जाए, ताकि विद्यार्थियों का पठन-पाठन प्रभावित न हो और परिसर में सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण बना रहे।

रहे मौजूद

निरीक्षण के समय दर्जा राज्यमंत्री कुंदन लटवाल, जिला पंचायत सदस्य प्रेम लटवाल, प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी रवि मेहता और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।