उत्तराखंड: भुवनेश्वर में उत्तराखंड के बैडमिंटन खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, चारों वर्ग में चैंपियन बनकर रचा नया इतिहास, जीते पदक

भुवनेश्वर: योनेक्स सनराइज ईस्ट जोन इंटरस्टेट बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने इतिहास रच दिया है। राज्य की बैडमिंटन टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बालक, बालिका, पुरुष और महिला—सभी चार वर्गों की टीम चैंपियनशिप अपने नाम कर ली।

जीते पदक

जानकारी के अनुसार यह पहला मौका है जब उत्तराखंड ने चारों वर्गों में एक साथ खिताबी जीत हासिल की है। उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड की पुरुष और महिला टीमें पिछले 6 सालों से लगातार इस प्रतियोगिता में जोनल चैंपियन बनी हुई हैं।
​फाइनल मुकाबलों में उत्तराखंड के शटलरों का पूरी तरह दबदबा रहा। जिसमें
• ​बालक टीम: उत्तराखंड ने ओडिशा को 2-0 से हराकर ट्रॉफी उठाई।
• ​बालिका टीम: पश्चिम बंगाल को 2-0 से शिकस्त देकर खिताब जीता।
• ​पुरुष टीम: बिहार को एकतरफा 3-0 से मात देकर पहला स्थान हासिल किया।
• ​महिला टीम: उत्तर प्रदेश को 3-1 से हराकर चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया।
व्यक्तिगत और युगल स्पर्धाओं में भी चमके खिलाड़ी

​टीम स्पर्धाओं के अलावा व्यक्तिगत और युगल मैचों में भी उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने पदक जीते।
• ​पुरुष एकल: अंश ने दिव्यन केजरीवाल को 15-11, 15-11 से सीधे सेटों में हराकर स्वर्ण पदक जीता।
• ​बालिका U-19 युगल: अक्षिता और शांभवी की जोड़ी ने आदित्य और रिद्धिमा को 15-10, 15-9 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
• ​बालक U-19: प्रभु को सक्षम से 8-15, 11-15 से हार के बाद रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
• ​महिला युगल: स्नेहा और उन्नति की जोड़ी कड़े मुकाबले में 15-10, 7-15, 12-15 से हारकर रजत पदक ही जीत सकी।

दी बधाई

खिलाड़ियों के इस शानदार प्रदर्शन के पीछे मुख्य कोच डी. के. सेन, कोच लोकेश नेगी, कोच बलजीत सिंह और मैनेजर जयश्री ध्यानी का कुशल मार्गदर्शन रहा। उत्तरांचल स्टेट बैडमिंटन एसोसिएशन की अध्यक्ष डॉ. अलकनंदा अशोक, सचिव बी. एस. मनकोटी और कोषाध्यक्ष राम अवतार समेत पूरे एसोसिएशन ने खिलाड़ियों और कोचों को बधाई दी।