नैनीताल: कुमाऊं विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बहुप्रतीक्षित छात्र महासंघ (यूनिवर्सिटी छात्रसंघ) चुनाव की आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है।
चुनाव कार्यक्रम की घोषणा
मिली जानकारी के अनुसार छात्र कल्याण अधिष्ठाता (DSW) कार्यालय द्वारा चुनावी कार्यक्रम की घोषणा की गई। अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. संजय पंत की मौजूदगी में चुनाव अधिकारी डॉ. मनोज कुमार आर्य ने चुनाव कार्यक्रम जारी किया। जारी अधिसूचना के अनुसार चुनाव प्रक्रिया एक ही दिन में संपन्न कराई जाएगी। चुनाव प्रक्रिया विश्वविद्यालय के छात्रसंघ संविधान और लिंगदोह समिति की सिफारिशों के कड़े नियमों के तहत ही होगी।
1 अक्टूबर को होगी पूरी चुनावी प्रक्रिया
जारी कार्यक्रम के तहत 1 अक्टूबर 2026 को महिला अध्ययन केंद्र (हर्मिटेज भवन) में चुनाव संपन्न कराए जाएंगे।
• नामांकन पत्र बिक्री: सुबह 10:00 बजे से 12:00 बजे तक
• नामांकन जमा करना: सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक
• नामांकन पत्रों की जांच: दोपहर 1:00 बजे से 2:00 बजे तक
• नाम वापसी: दोपहर 2:00 बजे से 2:30 बजे तक
• मतदान: दोपहर 3:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक
• मतगणना एवं परिणाम: शाम 4:00 बजे से मतगणना शुरू होगी और परिणाम घोषित कर विजयी प्रत्याशियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी।
6 प्रमुख पदों पर होगा मुकाबला
छात्र महासंघ चुनाव में कुल 6 पदों के लिए मतदान होगा।
1. अध्यक्ष
2. उपाध्यक्ष
3. उपाध्यक्ष (छात्रा)
4. सचिव
5. संयुक्त सचिव
6. कोषाध्यक्ष