हल्द्वानी: छात्रसंघ चुनाव पर नैनीताल पुलिस का कड़ा पहरा—चप्पे-चप्पे पर निगरानी, ड्रोन से नजर और सघन चेकिंग-फ्रिस्किंग

हल्द्वानी: एमबीपीजी (MBPG) कॉलेज में 29 सितंबर 2026 को होने वाले छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने कमर कस ली है। चुनाव के मद्देनजर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कॉलेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पुलिस बल के साथ संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च किया।

​पुलिस अलर्ट मोड पर

​सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करने पहुंचे एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि छात्रसंघ चुनाव की आड़ में किसी भी प्रकार का हुड़दंग, हिंसा या कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।‌ उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यदि चुनाव के बहाने कोई आपराधिक या बाहरी तत्व कॉलेज परिसर और आसपास छात्रों को डराने-धमकाने, दबाव बनाने या चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ तत्काल सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए।
​
नियमों का पालन और सख्त निगरानी

​चुनाव ड्यूटी में तैनात पुलिस बल को एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल और एसपी संचार रेवाधर मठपाल द्वारा संयुक्त रूप से ब्रीफ किया गया। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निम्नलिखित निर्देश जारी किए हैं।
​मानकों का पालन: लिंगदोह कमेटी की गाइडलाइंस का शत-प्रतिशत पालन कराया जाएगा।
​ड्रोन और सोशल मीडिया से निगरानी: कॉलेज परिसर और आसपास ड्रोन कैमरों से नज़र रखी जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी कड़ी निगरानी रहेगी।
​सघन चेकिंग और जीरो ज़ोन: कॉलेज के प्रवेश द्वारों और मुख्य चौराहों पर चेकिंग-फ्रिस्किंग की जाएगी। परिसर के पास निर्धारित ‘जीरो ज़ोन’ में वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
​भीड़ नियंत्रण और यातायात: डाइवर्जन प्वाइंट्स पर पुलिस तैनात रहेगी ताकि यातायात सुचारू रहे और अनावश्यक भीड़ एकत्र न हो पाए।

​भारी पुलिस बल तैनात

​छात्रसंघ चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था में 6 गजेटेड ऑफिसर (GOs), 9 इंस्पेक्टर, 47 उपनिरीक्षक (SI/SSI) और 30 एडिशनल एसआई शामिल हैं। 140 से अधिक हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल (महिला कांस्टेबल सहित) तैनात रहेंगे।एंटी-रायट (Anti-Riot) टीम, टियर गैस यूनिट, 2 फायर यूनिट तथा IRB/PAC की 1 कंपनी भी मुस्तैद रहेगी।
​
रहें उपस्थित


ब्रीफिंग और फ्लैग मार्च के दौरान क्षेत्राधिकारी (CO) हल्द्वानी रविकांत सेमवाल, सीओ लालकुआं विमल प्रसाद और मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।