उत्तराखंड के विकास में कंटेंट क्रिएटर्स की अहम भूमिका, सीएम पुष्कर सिंह धामी ने की डिजिटल क्रिएटर्स से राज्य की ब्रांडिंग की अपील

​उत्तराखंड: उत्तराखंड की अनूठी सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक स्थानीय उत्पादों और कम चर्चित पर्यटन स्थलों को वैश्विक स्तर पर एक नई पहचान दिलाने के लिए अब राज्य सरकार ने सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स का साथ मांगा है।

कार्यक्रम का आयोजन

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्य सेवक सदन में आयोजित ‘शाइनिंग स्टार्स ऑफ उत्तराखंड’ कार्यक्रम में प्रदेश के प्रमुख यूट्यूबर्स, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, गायकों, अभिनेताओं और फिल्म जगत की जानी-मानी प्रतिभाओं के साथ एक विशेष संवाद किया।
​इस दौरान मुख्यमंत्री ने डिजिटल प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग के जरिए पर्यटन को बढ़ावा देने, स्थानीय उत्पादों के लिए बड़ा बाजार तैयार करने और पहाड़ों में स्वरोजगार व रोजगार के नए अवसर सृजित करने पर जोर दिया।

​स्थानीय उत्पादों को दें बढ़ावा

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य के पारंपरिक और प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों जैसे मसूरी, नैनीताल और ऋषिकेश के अलावा मिलम व पिंडारी ग्लेशियर, चकराता, माणा और मलारी जैसे कई खूबसूरत और कम चर्चित क्षेत्रों को भी डिजिटल माध्यमों से दुनिया के सामने लाने की जरूरत है। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार मिलेगा। इसके साथ ही, उन्होंने महिला स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय शिल्पकारों के पारंपरिक उत्पादों को सोशल मीडिया के जरिए बढ़ावा देने की अपील की। सरकार के महत्वाकांक्षी ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने में भी क्रिएटर्स से सक्रिय सहयोग का आह्वान किया गया।

किया सम्मानित
​
​इस कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायक पवनदीप राजन, लोकप्रिय क्रिएटर सौरव जोशी, तनु रावत, आरजे काव्या, अभिनेत्री प्रियंका कंडवाल और आशा नेगी समेत कई दिग्गज प्रतिभाएं मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कंटेंट क्रिएटर्स को सम्मानित भी किया।