अल्मोड़ा: विक्टोरिया प्रीमियर लीग: रोमांचक मुकाबलों में नितिन कम्युनिकेशन, यश सनशाइन और रॉयल क्रिकेट क्लब ने दर्ज की शानदार जीत

​

​अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में आयोजित विक्टोरिया प्रीमियर लीग का रोमांच लगातार जारी है। जिस पर आज रविवार को प्रतियोगिता के तहत 15-15 ओवरों के तीन महत्वपूर्ण और बेहद रोमांचक मुकाबले खेले गए। जिनमें यश सनशाइन वॉरियर, नितिन कम्युनिकेशन स्ट्राइकर और रॉयल क्रिकेट क्लब ने अपने-अपने मैच जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया।
​पहला मुकाबला

​दिन का पहला मैच विक्टोरिया और यश सनशाइन वॉरियर के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए विक्टोरिया की टीम ने निर्धारित 15 ओवर में 5 विकेट गंवाकर 123 रन बनाए। विक्टोरिया के लिए अमन बिष्ट ने विस्फोटक अंदाज में 20 गेंदों पर 43 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली।
​124 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी यश सनशाइन की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए महज 12.2 ओवरों में 3 विकेट खोकर आसानी से जीत हासिल कर ली। यश सनशाइन की तरफ से कुंदन ने 32 गेंदों में 62 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली।
​मुख्य अतिथि: उत्तराखंड प्रेस क्लब (अल्मोड़ा) के उपाध्यक्ष कमलेश कनवाल रहें।
​
दूसरा मुकाबला

​दूसरे मैच में नितिन कम्युनिकेशन स्ट्राइकर और शिव शक्ति का आमना-सामना हुआ। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला करते हुए नितिन कम्युनिकेशन ने 15 ओवर में सभी विकेट खोकर 144 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए कमल भट्ट ने धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए 39 गेंदों पर 86 रनों की शतकीय शैली वाली पारी खेली। शिव शक्ति की ओर से गोविंद बिष्ट और भारत अधिकारी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4-4 विकेट चटकाए। 145 रनों का पीछा करने उतरी शिव शक्ति की टीम दबाव में नजर आई और 14.4 ओवर में मात्र 90 रनों पर ही ढेर हो गई। बेहतरीन 86 रन बनाने वाले कमल भट्ट को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।
​मुख्य अतिथि: भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल रहें।
​
तीसरा मुकाबला

​तीसरा और अंतिम मुकाबला अल्मोड़ा सर्विसेज और रॉयल क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अल्मोड़ा सर्विसेज की टीम 15 ओवर में 8 विकेट खोकर 128 रन ही बना सकी। टीम के लिए गजेंद्र बिष्ट ने 13 गेंदों पर 23 रन बनाए। रॉयल क्रिकेट क्लब की तरफ से घातक गेंदबाजी करते हुए नीरज बिष्ट ने 3 ओवर में केवल 16 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट झटके। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी रॉयल क्रिकेट क्लब की टीम ने 13 ओवर में 4 विकेट खोकर 134 रन बनाते हुए आसानी से मैच जीत लिया। घातक गेंदबाजी के लिए नीरज बिष्ट को ‘मैन ऑफ द मैच’ का पुरस्कार दिया गया।
​मुख्य अतिथि: ग्राम प्रधान (खत्याड़ी) एवं पूर्व क्रिकेटर देवेंद्र सिंह कनवाल (देव) रहें।