उत्तराखंड: बुजुर्ग पेंशनरों के लिए बड़ी राहत, अब घर बैठे जमा हो सकेगा डिजिटल ‘जीवन प्रमाण-पत्र’, जानें

​उत्तराखंड: अधिक उम्र और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के कारण बैंक या दफ्तरों के चक्कर लगाने में असमर्थ वरिष्ठ नागरिकों के लिए जरूरी खबर सामने आई है।

शिविर का आयोजन

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उत्तराखंड केंद्रीय पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने 80 वर्ष और उससे अधिक आयु के बुजुर्ग पेंशनरों को घर बैठे जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने की सुविधा के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष पहल शुरू की है। रविवार को रायपुर रोड स्थित दुल्हनी के गढ़वाल भ्रातृ मंडल परिसर में ‘डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र (DLC 5.0)’ शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में 80 वर्ष या उससे अधिक आयु के बुजुर्ग पेंशनरों को मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे प्रमाण-पत्र जमा करने की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
​मोबाइल ऐप से मिलेगी राहत

​एसोसिएशन के अध्यक्ष बलवीर सिंह नेगी ने बताया कि केंद्र सरकार की आधुनिक डिजिटल सुविधा के माध्यम से अब पेंशनभोगी अपने स्मार्टफ़ोन ऐप का उपयोग कर आसानी से जीवन प्रमाण-पत्र सबमिट कर सकते हैं। इससे खराब स्वास्थ्य या चलने-फिरने में असमर्थ बुजुर्गों को बैंकों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। एसोसिएशन के अध्यक्ष बलवीर सिंह ने जानकारी दी कि अधिक से अधिक पेंशनरों तक इस सुविधा का लाभ पहुँचाने के लिए नवंबर माह में CGHS डिस्पेंसरियों में भी इस प्रकार के शिविर आयोजित करने का प्रयास किया जाएगा।
​
​
रहें उपस्थित

​इस जागरूकता शिविर में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के उपप्रबंधक उमेश चंद्र जोशी, एसोसिएशन के संरक्षक तिलक राज शर्मा, उपाध्यक्ष एचएस काला, कोषाध्यक्ष अनिल कुमार उनियाल, राजेंद्र प्रसाद शास्त्री और गणेश कोठारी सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।