अल्मोड़ा: जागेश्वर रेंज में अवैध लीसा दोहन पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, जब्त किया लीसा, ठेकेदार होगा ब्लैकलिस्ट

​अल्मोड़ा: जागेश्वर रेंज के कछियोला नाप क्षेत्र में निर्धारित सीमा से अधिक लीसे का दोहन करने के मामले में वन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है।

वन विभाग की कार्यवाही

जिस पर नियमों का उल्लंघन कर अवैध रूप से निकाले गए लीसे को विभाग ने तुरंत प्रभाव से जब्त कर लिया है। इसके साथ ही आरोपी ठेकेदार के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए उसे ब्लैकलिस्ट (काली सूची में दर्ज) करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार मामला भनोली तहसील के कछियोला गाँव का है। कछियोला निवासी किशन सिंह ने वन विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी कि नाप क्षेत्र में ठेकेदार राजेंद्र पांडेय द्वारा तय मानक से अधिक और अवैध रूप से लीसा निकाला जा रहा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग ने उप वन क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में एक जांच टीम का गठन किया। टीम द्वारा मौके पर की गई गहन जांच में लीसे का दोहन निर्धारित मात्रा से काफी अधिक पाया गया, जिससे धांधली की पुष्टि हुई।


​जांच शुरू

​जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करते हुए वन विभाग की टीम ने अवैध रूप से निकाला गया पूरा लीसा जब्त कर लिया और उसे धौलादेवी मोटर रोड स्थित लीसा डिपो में सुरक्षित रखवा दिया है। आरोपी ठेकेदार राजेंद्र पांडेय के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। ठेकेदार को भविष्य के कार्यों के लिए ब्लैकलिस्ट करने के लिए प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) को पत्र भेजा गया है।