नैनीताल: उत्तराखंड हाईकोर्ट प्रशासन ने राज्य की न्यायिक व्यवस्था में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। जिसमें वरिष्ठ न्यायिक अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं।
आदेश जारी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस फेरबदल के तहत नैनीताल हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल से लेकर विभिन्न जिलों के जिला एवं सत्र न्यायाधीशों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के निर्देशों के क्रम में हाईकोर्ट की रजिस्ट्रार (निरीक्षण) प्रतिभा तिवारी की ओर से इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। जारी किए गए सभी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो चुके हैं। जारी आदेशों के अनुसार, राज्यपाल के विधिक सलाहकार के पद पर सेवाएं दे रहे कौशल किशोर शुक्ला को वापस बुलाकर उत्तराखंड हाईकोर्ट का नया रजिस्ट्रार जनरल नियुक्त किया गया है।
विभिन्न जिलों व हाईकोर्ट में हुए यह बदलाव
• योगेश कुमार गुप्ता: अब तक हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल की जिम्मेदारी संभाल रहे योगेश कुमार गुप्ता का स्थानांतरण कर उन्हें अल्मोड़ा का नया जिला एवं सत्र न्यायाधीश बनाया गया है।
• श्रीकांत पांडेय: अल्मोड़ा के जिला एवं सत्र न्यायाधीश रहे श्रीकांत पांडेय को नैनीताल हाईकोर्ट में रजिस्ट्रार (सतर्कता) का पद सौंपा गया है।
• सुबीर कुमार: पूर्व में रजिस्ट्रार (सतर्कता) के पद पर तैनात सुबीर कुमार को बागेश्वर का जिला एवं सत्र न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।
• पंकज तोमर: बागेश्वर के जिला एवं सत्र न्यायाधीश पंकज तोमर को नैनीताल स्थित स्थायी लोक अदालत का अध्यक्ष नियुक्त करने के लिए शासन को सिफारिश भेजी गई है।