अल्मोड़ा: विक्टोरिया प्रीमियर लीग: रॉयल क्रिकेट क्लब और यश सनशाइन वॉरियर्स विक्टोरिया प्रीमियर लीग के फाइनल में, कल होगा खिताबी मुकाबला

​अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में खेली जा रही विक्टोरिया प्रीमियर लीग अब अपने अंतिम और रोमांचक पड़ाव पर पहुंच गई है। आज बुधवार को खेले गए कड़े मुकाबलों के बाद ‘यश सनशाइन वॉरियर्स’ और ‘रॉयल क्रिकेट क्लब’ ने फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। दोनों टीमों के बीच गुरुवार को खिताबी भिड़ंत होगी।


​एलिमिनेटर: नितिन कम्युनिकेशन स्ट्राइकर 62 रन से जीती

​दिन का पहला एलिमिनेटर मुकाबला नितिन कम्युनिकेशन स्ट्राइकर और अल्मोड़ा सर्विसेज के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए नितिन कम्युनिकेशन की टीम 18 ओवर में 142 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम के लिए कमल भट्ट ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 32 गेंदों में सर्वाधिक 49 रन बनाए। अल्मोड़ा सर्विसेज की ओर से हिमांशु नेगी ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 21 रन देकर 4 विकेट चटकाए। 143 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अल्मोड़ा सर्विसेज की टीम नितिन कम्युनिकेशन की सधी हुई गेंदबाजी के आगे टिक न सकी और 14.1 ओवरों में महज 80 रनों पर ढेर हो गई। नितिन कम्युनिकेशन के संदीप गोस्वामी ने 4 ओवरों में सिर्फ 14 रन देकर 5 अहम विकेट झटके। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। इस जीत के साथ टीम ने क्वालीफायर-2 में जगह बनाई।


​क्वालिफायर-2: नैतिक के 93 रनों की बदौलत फाइनल में पहुंचा ‘रॉयल क्रिकेट क्लब’

​शाम को खेले गए क्वालीफायर-2 मुकाबले में रॉयल क्रिकेट क्लब और नितिन कम्युनिकेशन स्ट्राइकर की टीमें आमने-सामने थीं। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी रॉयल क्रिकेट क्लब की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 226 रनों का पहाड़ सा स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से नैतिक ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 52 गेंदों में 93 रनों की आतिशी पारी खेली। बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी नितिन कम्युनिकेशन स्ट्राइकर की टीम दबाव में आ गई और 16.4 ओवरों में 139 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। 93 रनों की धमाकेदार पारी खेलने वाले रॉयल क्रिकेट क्लब के नैतिक को ‘मैन ऑफ द मैच’ के पुरस्कार से नवाजा गया।


​मैच के मुख्य अतिथि

•  ​सुबह का मुकाबला: एसएसजे परिसर अल्मोड़ा की नवनिर्वाचित छात्र उपाध्यक्ष रश्मि पाण्डे एवं निरंजन साह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
•  ​दोपहर का मुकाबला: भाजपा उत्तराखंड के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व अल्मोड़ा विधायक कैलाश शर्मा, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य व वर्तमान जिला पंचायत सदस्य (खतयाड़ी प्रतिनिधि) आनंद सिंह कनवाल तथा भाजपा हवालबाग ब्लॉक के मंडल अध्यक्ष संजय बिष्ट ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।