अल्मोड़ा: उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC), देहरादून द्वारा आयोजित पशुधन प्रसार अधिकारी परीक्षा 18 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी।
कल परीक्षा का आयोजन
यह परीक्षा सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक संपन्न कराई जाएगी। इस संबंध में परगना मजिस्ट्रेट संजय कुमार ने बताया कि असामाजिक तत्वों द्वारा शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका को देखते हुए परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इसके तहत भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 की धारा-163 (निषेधाज्ञा) लागू कर दी गई है।
इन 5 परीक्षा केंद्रों पर लागू रहेंगे प्रतिबंध
1. अल्मोड़ा इंटर कॉलेज
2. आर्य कन्या इंटर कॉलेज
3. पी.एम.श्री. अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज
4. पी.एम.श्री. राजा आनंद सिंह राजकीय इंटर कॉलेज
5. विवेकानंद इंटर कॉलेज
परीक्षा केंद्रों के आसपास रहेंगे यह नियम
हथियारों और वस्तुओं पर रोक: परीक्षा केंद्र के 200 मीटर के दायरे में कोई भी व्यक्ति अस्त्र-शस्त्र, लाठी-डंडा या धारदार हथियार लेकर नहीं चल सकेगा। इसके अलावा ईंट, पत्थर या रोड़े जैसी वस्तुएं एकत्र करने पर भी पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
भीड़ जुटाने पर पाबंदी: 200 मीटर की परिधि में 5 या उससे अधिक व्यक्तियों का समूह एक स्थान पर एकत्रित नहीं हो सकेगा।
ध्वनि विस्तारक यंत्र व भाषण बंद: बिना अनुमति के परीक्षा के दौरान लाउडस्पीकर के प्रयोग और किसी भी प्रकार के भाषण देने पर रोक रहेगी।
बाहरी लोगों का प्रवेश बंद: केंद्र के 200 मीटर के भीतर अनावश्यक बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश पूरी तरह निषिद्ध रहेगा।
इन्हें मिलेगी छूट
यह आदेश सुरक्षा बलों, शांति व्यवस्था में तैनात पुलिसकर्मियों, परीक्षा ड्यूटी में लगे प्राधिकृत कर्मियों और परीक्षार्थियों पर लागू नहीं होगा। यह निषेधाज्ञा 18 अक्टूबर को सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक प्रभावी रहेगी। परगना मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति इस आदेश का उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 223 के तहत दंडनीय कानूनी कार्रवाई की जाएगी।