नैनीताल में इस दिन लगेगा विशाल रोजगार मेला, युवाओं के पास नौकरी पाने का सुनहरा मौका, जानें कौन सी कंपनियां करेंगी प्रतिभाग


​

नैनीताल: निजी क्षेत्र में रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए एक अच्छी खबर है। जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा।

रोजगार मेले का आयोजन

मिली जानकारी के अनुसार आगामी 23 अक्टूबर को नैनीताल क्लब के शैले हॉल में एक भव्य रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला सुबह 10 बजे से शुरू होगा, जिसमें विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियां और नियोजक हिस्सा लेंगे। जिला सेवायोजन कार्यालय के मुताबिक, इस रोजगार मेले में मदरसन सुमी वायरिंग इंडिया लिमिटेड, पुखराज हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड, नमः होटल नैनीताल, भारतीय स्टेट बैंक, इनोवो सॉर्स, आईडीएफसी फर्स्ट बैंक, एक्सिस बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, एआईएमटी हल्द्वानी, क्वेस कॉर्प लिमिटेड और टाटा मोटर्स सहित कई अन्य प्रमुख कंपनियां शामिल होंगी।

​साक्षात्कार और परीक्षा से होगा चयन

मेले में विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन साक्षात्कार और लिखित परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक और होटल प्रबंधन (होटल मैनेजमेंट) की योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी इसमें शामिल हो सकते हैं। इच्छुक युवा अपने साथ अपना अपडेटेड बायोडाटा (रिज्यूमे), सभी शैक्षिक प्रमाणपत्रों और अंकपत्रों की मूल प्रतियों के साथ छायाप्रतियां (फोटोकॉपी) लेकर समय पर पहुंचे।