अल्मोड़ा: आगामी विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियां तेज, कल से होगी ईवीएम और वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच

​अल्मोड़ा: उत्तराखंड में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की प्रशासनिक तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में जनपद अल्मोड़ा में 23 अक्टूबर 2026 से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) और वीवीपैट (VVPAT) की प्रथम स्तरीय जांच (FLC) शुरू होने जा रही है।
​
किया जाएगा परीक्षण

जिला निर्वाचन अधिकारी अंशुल सिंह की देखरेख में स्यालीधार स्थित ईवीएम-वीवीपैट गोदाम में भारत निर्वाचन आयोग से आए अधिकृत इंजीनियरों द्वारा मशीनों की कार्यक्षमता का गहन परीक्षण किया जाएगा। मिली जानकारी के अनुसार, एफएलसी की यह प्रक्रिया प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक चलेगी। रविवार और सार्वजनिक अवकाशों के दिन भी यह जांच कार्य बिना रुकावट जारी रहेगा तथा सभी मशीनों की पूर्ण जांच होने तक यह प्रक्रिया चलती रहेगी। भारत निर्वाचन आयोग के सख्त दिशा-निर्देशों और निर्धारित मानकों के तहत ही सभी मशीनों का परीक्षण किया जा रहा है। इस संबंध में निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया की विश्वसनीयता और पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से केवल एफएलसी में पूरी तरह प्रमाणित ईवीएम और वीवीपैट मशीनों का ही उपयोग आगामी चुनाव में किया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी जिला निर्वाचन अधिकारी के साथ-साथ मुख्य निर्वाचन अधिकारी (राज्य) और भारत निर्वाचन आयोग के स्तर से भी की जाएगी।


​राजनीतिक दलों से सहभागिता की अपील

​जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्षों व पदाधिकारियों से अपने अधिकृत प्रतिनिधियों को एफएलसी प्रक्रिया के दौरान उपस्थित रहने के लिए नामित करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति से चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और आम जनता का विश्वास भी सुदृढ़ होगा।
​