रामनगर (नैनीताल): जनपद के रामनगर कोतवाली क्षेत्र में दहेज की मांग पूरी न होने पर एक नवविवाहिता की गला घोंटकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
नवविवाहिता की हत्या
मिली जानकारी के अनुसार मुरादाबाद जिले के डिलारी थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बुढनपुर निवासी नसीम अहमद ने कोतवाली रामनगर में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था। उन्होंने बताया कि उनकी पुत्री कोहिनूर का निकाह 16 मई 2026 को गैस गोदाम रोड, खताड़ी (रामनगर) निवासी उवेश पुत्र फजले अली के साथ हुआ था। पिता का आरोप है कि उन्होंने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज दिया था, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष के लोग लगातार 5 लाख रुपये नकद और बुलेट मोटरसाइकिल की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर 16 अक्टूबर 2026 को ससुराल वालों ने कोहिनूर को कमरे में बंद कर उसकी हत्या कर दी। विवेचना और पूछताछ में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। मृतका कोहिनूर और उसके पति उवेश के बीच दहेज और पारिवारिक कलश को लेकर अक्सर विवाद रहता था। घटना के दिन भी दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसमें परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल हो गए। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने कोहिनूर को चारपाई पर गिराकर उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया, हाथ-पकड़कर उसके गले पर दबाव डाला, जिससे उसकी दम घुटने से मौत हो गई।
जांच शुरू
जिस पर आरोपियों ने हत्या के बाद इसे आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पंखे से लटकाने का भी प्रयास किया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति, सास, जेठ और ननद को गिरफ्तार कर लिया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने कोतवाली रामनगर में धारा 80 (2) बीएनएस के तहत एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। उत्कृष्ट कार्य और त्वरित गिरफ्तारी के लिए एसएसपी नैनीताल ने इस पूरी पुलिस टीम को 2,500 रुपये के नगद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
पुलिस ने इन आरोपियों को किया गिरफ्तार
1. उवेश (पति) पुत्र फजले अली, उम्र 22 वर्ष, निवासी- गैस गोदाम, ऊटपड़ाव, खताड़ी, रामनगर।
2. नसरीन (सास) पत्नी फजले अली, उम्र 50 वर्ष, निवासी उपरोक्त।
3. अनस (जेठ) पुत्र फजले अली, उम्र 23 वर्ष, निवासी उपरोक्त।
4. शबा (ननद) पुत्री फजले अली, उम्र 20 वर्ष, निवासी उपरोक्त।
पुलिस टीम रहीं शामिल
इस अंधे कत्ल का पर्दाफाश करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीपक बिष्ट, चौकी प्रभारी छोई देवेंद्र सिंह राजपूत, उपनिरीक्षक सोमेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल गगनदीप सिंह भंडारी और महिला कांस्टेबल हरदेश कौर शामिल रहे।