अल्मोड़ा: खत्याड़ी में शिव महापुराण कथा में शिव विवाह प्रसंग सुनकर भाव-विभोर हुए श्रद्धालु, गूंजे “हर‌ हर महादेव” के जयकारे

​अल्मोड़ा: नगर के खत्याड़ी क्षेत्र में आयोजित श्री शिव महापुराण कथा के अष्टम दिवस पर बुधवार को माहौल पूरी तरह भक्तिमय नजर आया।

गूंजे जयकारे

इस मौके पर शिव उपासक कमल शिव योगी द्वारा भगवान शिव के विवाह का मनोहारी प्रसंग सुनाते ही पूरा कथा पंडाल “हर-हर महादेव” के जयकारों से गूंज उठा। कथा व्यास कमल शिव योगी ने भगवान शिव की बारात का जीवंत वर्णन करते हुए बताया कि कैसे भोलेनाथ की बारात में भूत-प्रेत, गण-गंधर्व और सभी देवता आनंदित होकर नाचते हुए चले। उन्होंने कहा कि शिव और शक्ति का मिलन यह संदेश देता है कि शिव के बिना शक्ति अधूरी है और शक्ति के बिना शिव। इस पावन प्रसंग को सुनकर कई श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए।

​पाशुपत-भैरव पूजन से दूर होते हैं संकट

भक्तों को अपनी सिद्ध साधना का सार बताते हुए शिव योगी ने कहा कि कलियुग में पाशुपत-भैरव पूजन ही मनुष्य के कल्याण का मार्ग है। उन्होंने कहा कि आज के समय में लोग छोटी-छोटी परेशानियों से घबराकर गलत मार्ग चुन लेते हैं, जबकि भगवान शिव की पाशुपत पर्व और भैरव पूजन विधि से बड़े से बड़ा संकट भी टल जाता है। इस विधि के नियमित पूजन से घर की नकारात्मक ऊर्जा समाप्त होती है, अकाल मृत्यु का भय दूर होता है और सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।

​शरीर का स्वस्थ होना भी जरूरी

केवल कथा वाचक ही नहीं, बल्कि एक समाजसेवी के रूप में भी अपनी पहचान रखने वाले शिव योगी ने कहा कि भक्ति के साथ शरीर का स्वस्थ होना भी आवश्यक है। इसी भावना के तहत वे वर्षों से पीड़ित मानवता की सेवा कर रहे हैं। उनके द्वारा कैंसर, शुगर और किडनी जैसी गंभीर समस्याओं के लिए दुर्लभ हिमालयी जड़ी-बूटियों से तैयार आयुर्वेदिक औषधियां जरूरतमंदों को निशुल्क या सुलभ कराई जाती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कोई चमत्कार का दावा नहीं, बल्कि आयुर्वेद और शिव आराधना का समन्वय है, ताकि धन के अभाव में कोई भी व्यक्ति इलाज से वंचित न रहे।

​कल होगा विशाल भंडारे का आयोजन

यजमान शैलेंद्र साह ‘सोबू’ ने जानकारी दी कि कथा के समापन पर 5 नवंबर (गुरुवार) को एक विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भंडारे का प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है।
​
रहें उपस्थित

इस दौरान मुख्य रूप से कैलाश साह, रेखा साह, मीनू साह, अंकित, हर्ष साह, प्रदीप, राकेश साह और ऋतिक साह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।