रुद्रप्रयाग: दीपावली के पावन पर्व पर विश्वप्रसिद्ध केदारनाथ धाम को 20 क्विंटल रंग-बिरंगे फूलों से भव्य और अलौकिक रूप से सजाया गया है।
कपाट बन्द
फूलों से महकता बाबा केदार का दरबार और मंदिर प्रांगण श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
इसी बीच, शनिवार को धाम के क्षेत्रपाल एवं रक्षक भगवान भकुंट भैरवनाथ के कपाट विधि-विधान, पूजा-अर्चना और यज्ञ-अनुष्ठान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। धार्मिक परंपरा के अनुसार, मुख्य केदारनाथ मंदिर के कपाट बंद होने से पूर्व क्षेत्रपाल भैरवनाथ के कपाट बंद किए जाने का विधान है। आगामी 11 नवंबर को पूरी वैदिक रीति-रिवाज और धार्मिक परंपराओं के साथ बाबा केदारनाथ के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे।
शीतकाल में धाम की रक्षा करेंगे भैरवनाथ
धार्मिक मान्यता है कि शीतकाल के दौरान जब केदारनाथ मंदिर के कपाट बंद रहते हैं, तब भगवान भैरवनाथ केदारपुरी में विराजमान रहकर पूरे धाम की सुरक्षा का दायित्व संभालते हैं। भैरवनाथ जी के कपाट बंद होने के साथ ही मुख्य मंदिर के कपाट बंद करने की पारंपरिक और धार्मिक प्रक्रिया भी औपचारिक रूप से शुरू हो गई है। कपाट बंद होने के इस पावन अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना, हवन और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए गए। भगवान भैरवनाथ का विशेष श्रृंगार कर उन्हें भोग अर्पित किया गया और भव्य आरती उतारी गई।