रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊंची उड़ान’ नामक पुस्तक का भव्य विमोचन किया गया।
पुस्तक का अनावरण
इस मौके पर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट एवं जिला पंचायत सदस्य अमित मेखण्डी ने संयुक्त रूप से इस पुस्तक का अनावरण किया। इस पुस्तक में राज्य सरकार द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में चलाए जा रहे विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और हालिया उपलब्धियों का विस्तृत ब्यौरा संकलित किया गया है। पुस्तक विमोचन के साथ ही जिलाधिकारी ने अगस्त्यमुनि खेल छात्रावास से पहुंचीं पदक विजेता छात्राओं से सीधा संवाद किया। संवाद के दौरान उन्होंने छात्रावास में मिल रही व्यवस्थाओं, खेल संसाधनों और अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने छात्राओं से उनके पठन-पाठन, नियमित खेल गतिविधियों और प्रशिक्षण के अनुभवों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने खिलाड़ियों से यह भी पूछा कि उन्हें छात्रावास में किसी प्रकार की समस्या का सामना तो नहीं करना पड़ रहा है, ताकि व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जा सके।
रहें उपस्थित
इस कार्यक्रम के दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा, जिला युवा कल्याण अधिकारी वरद जोशी, जिला खेल अधिकारी मनोज चौहान सहित कई विभागीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।