पिथौरागढ़: दारमा घाटी में दिखा दुनिया का सबसे छोटा पक्षी ‘गोल्डक्रेस्ट’, 3200 मीटर की ऊंचाई पर मिला दुर्लभ मेहमान, खास है खासियत

​पिथौरागढ़: उत्तराखंड के सीमांत जिले पिथौरागढ़ की ऊंची वादियों में प्रकृति का एक अनूठा नजारा दिया है। हिमालय की गोद में बसी दारमा घाटी में नागलिंग ग्लेशियर के समीप, समुद्र तल से करीब 3200 मीटर की ऊंचाई पर दुनिया के सबसे छोटे पक्षियों में शामिल गोल्डक्रेस्ट देखा गया है।

जैव विविधता के खास संकेत

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसे क्षेत्र की समृद्ध जैव विविधता के लिहाज से एक महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है। गोल्डक्रेस्ट अपनी खूबसूरती और अनूठी विशेषताओं के लिए जाना जाता है। इस पक्षी का वजन महज 4.5 से 7 ग्राम और लंबाई केवल 8.5 से 10 सेंटीमीटर होती है। इसके सिर पर मौजूद सुनहरी मुकुट जैसी कलगी इसकी सबसे बड़ी पहचान है। अत्यधिक ठंडे वातावरण में जीवित रहने की इसकी क्षमता और सक्रियता इसे बेहद खास बनाती है। यह मुख्य रूप से शंकुधारी वनों में पाया जाता है और छोटे कीटों व मकड़ियों को अपना आहार बनाता है।

​क्यों कहा जाता है इसे ‘पक्षियों का राजा’

​रिपोर्ट्स के मुताबिक यूरोपीय लोककथाओं में गोल्डक्रेस्ट को ‘किंग ऑफ बर्ड्स’ (पक्षियों का राजा) कहा जाता है। इसके पीछे एक दिलचस्प कहानी प्रचलित है। मान्यता है कि पक्षियों के बीच सबसे ऊंची उड़ान भरने की एक प्रतियोगिता में गरुड़ सबसे ऊपर पहुंचा था, लेकिन उसके पंखों में छिपे गोल्डक्रेस्ट ने उससे भी ऊपर उड़ान भरकर यह उपाधि हासिल कर ली थी। हालांकि, यह केवल एक लोककथा है, इसका कोई वैज्ञानिक आधार नहीं है।
​