अल्मोड़ा: नगर निगम अल्मोड़ा के अंतर्गत डूबकिया वार्ड में एक घर के आँगन में अचानक सांप निकलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
सांप का रेस्क्यू
जिस पर स्थानीय पार्षद की तत्परता और वन विभाग की टीम के सहयोग से साँप को सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, डूबकिया वार्ड निवासी हरीश जोशी के घर के आँगन में अचानक एक सांप दिखाई दिया। आँगन में सांप होने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों में दहशत और हलचल का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही वार्ड की पार्षद अंजू बिष्ट ने बिना देर किए वन विभाग के फॉरेस्टर एस.एस. नेगी को फोन कर मामले की जानकारी दी और टीम को मौके पर बुलाया। हालाँकि, वन विभाग की टीम के घटनास्थल पर पहुँचने से पहले ही एक स्थानीय व्यक्ति ने सूझबूझ दिखाते हुए साँप का रेस्क्यू कर लिया था। इसके तुरंत बाद वन विभाग की टीम से मनोज जोशी और नीरज सिंह मौके पर पहुँचे। टीम ने साँप को अपने कब्जे में लिया और सुरक्षित रूप से आबादी से दूर जंगल में छोड़ने के लिए अपने साथ ले गई।
रहें मौजूद
रेस्क्यू के दौरान मौके पर पार्षद अंजू बिष्ट, हरीश जोशी और किरन मेहरा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी मौजूद रहे। साँप के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद लोगों ने राहत की साँस ली। पार्षद अंजू बिष्ट ने सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करने और सहयोग के लिए वन विभाग की टीम का आभार व्यक्त किया है।