अल्मोड़ा: शिखर सभागार में आयोजित दो दिवसीय 18वें राष्ट्रीय कुमाउंनी सम्मेलन का रविवार को भव्य समापन हुआ। इस सम्मेलन के दूसरे दिन कुमाउंनी भाषा, संस्कृति के संरक्षण और इसके विकास पर गंभीर मंथन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन
इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘कुमाउंनी भाषा नहीं, तो वोट नहीं’ का संकल्प और ‘दुदबोलि (कुमाउंनी) बचाओ अभियान’ का शुभारंभ रहा। जिसमें वक्ताओं ने इस बात पर गहरी पीड़ा जताई कि उत्तराखंड गठन के 26 साल बाद भी कुमाउंनी भाषा को संविधान की 8वीं अनुसूची में शामिल करने के लिए प्रदेश सरकार ने कोई प्रस्ताव पास नहीं किया। सम्मेलन में एक राय से आगामी चुनावों में “भाषा नहीं, तो वोट नहीं” के नारे के साथ राजनीतिक दलों पर दबाव बनाने का संकल्प लिया गया। सम्मेलन के दौरान ‘दुदबोलि बचाओ अभियान’ का श्रीगणेश करते हुए इसका आधिकारिक पोस्टर लॉन्च किया गया। साथ ही, आगामी जनगणना (2027) में मातृभाषा के कॉलम में 14 (क) में 76 कोड पर टिक करने का विशेष आह्वान किया गया।
मातृभाषा के प्रति चिंता और सुझाव
मुख्य अतिथि दर्जा राज्यमंत्री कुंदन लटवाल ने चिंता जताई कि घरों में नई पीढ़ी बच्चों से कुमाउंनी में संवाद करना बंद कर रही है। एसएसजे विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. एनएस भंडारी ने कहा कि भाषा बचाने की शुरुआत घर से ही होनी चाहिए।मानस कॉलेज पिथौरागढ़ के चेयरमैन डॉ. अशोक पंत ने नई शिक्षा नीति में व्यवस्था होने के बावजूद इसे पाठ्यक्रम में शामिल न किए जाने पर रोष व्यक्त किया। सम्मेलन की यह खास बात रही कि उद्घाटन से लेकर समापन तक सभी वक्ताओं, अतिथियों और संचालकों ने अपने विचार केवल कुमाउंनी भाषा में ही रखे, साथ ही भोजन में भी पारंपरिक कुमाउंनी व्यंजनों को ही प्राथमिकता दी गई।
सम्मान एवं पुरस्कार विवरण
दो दिवसीय इस महाकुंभ में भाषा, साहित्य, संस्कृति और विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट योगदान देने वाली कुल 40 हस्तियों को सम्मानित किया गया। प्रमुख सम्मान इस प्रकार हैं:
• ज्योतिषाचार्य पंडित जयदेव अवस्थी कुमाउंनी भाषा सेवी सम्मान: लक्ष्मण सिंह ऐठानी, डॉ. बीएस बिष्ट, अमित भट्ट और ज्योति भट्ट खुल्बे।
• वैद्य कल्याण सिंह बिष्ट कुमाउंनी संस्कृति सेवी सम्मान: मनोज चंदोला, केएन पांडेय, कमल नयन और भास्कर भौर्याल।
• बहादुर सिंह बनौला कुमाउंनी साहित्य सेवी सम्मान: आनंद बल्लभ पपनै, नवीन चंद्र जोशी, डॉ. उमा भट्ट, डॉ. नागेश शाह और नारायण राम बानठोकी।
• वार्षिक एवं विधागत प्रमुख पुरस्कार
◦ शेर सिंह बिष्ट ‘अनपढ़’ कविता पुरस्कार: राजेंद्र रावत
◦ बहादुर बोरा ‘श्रीबंधु’ कथा साहित्य पुरस्कार: कौस्तुबानंद चंदोला
◦ मुन्नी जोशी स्मृति कुमाउंनी साहित्य पुरस्कार: माया रावत
◦ राम सिंह लोधियाल कुमाउंनी साहित्य पुरस्कार: गोविंद बल्लभ बहुगुणा
◦ गंगा अधिकारी स्मृति कुमाउंनी साहित्य पुरस्कार: डॉ. पीतांबर अवस्थी
◦ दलीप सिंह खेतवाल स्मृति कर्मवीर पुरस्कार: मंजू आर साह (इसके अलावा विभिन्न लेखन विधाओं में लगभग 20 अन्य साहित्यकारों व रचनाकारों को भी सम्मानित किया गया।)