अल्मोड़ा: लोक कलाकार महासंघ संघर्ष समिति की आज सोमवार को नगर के नंदादेवी मंदिर परिसर में एक बैठक आयोजित की गई।
की बैठक
इस बैठक में स्थानीय लोक कलाकारों ने संस्कृति विभाग की कार्यप्रणाली पर कड़ा आक्रोश व्यक्त करते हुए कलाकारों के साथ भेदभाव करने और लंबे समय से लंबित मानदेय का भुगतान न करने का गंभीर आरोप लगाया। बैठक को संबोधित करते हुए पदाधिकारियों और कलाकारों ने कहा कि संस्कृति विभाग द्वारा सांस्कृतिक दलों के चयन में लगातार पक्षपात किया जा रहा है। आरोप है कि केवल कुछ चुनिंदा दलों को ही कार्यक्रम आवंटित किए जा रहे हैं, जबकि वर्षों से लोक संस्कृति का संरक्षण और सेवा कर रहे वास्तविक कलाकारों को नजरअंदाज किया जा रहा है। इस मौके पर कलाकारों ने अपनी आर्थिक पीड़ा साझा करते हुए कहा कि विभाग द्वारा जीएसटी (GST) और मानदेय नियमों के नाम पर अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है। पूर्व में किए गए कार्यक्रमों के बिल लंबे समय से लंबित पड़े हैं, जिनका भुगतान न होने के कारण कलाकारों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
18 नवंबर को प्रेस वार्ता
बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि आगामी 18 नवंबर को जिला सभागार में एक प्रेस वार्ता आयोजित कर संस्कृति विभाग की कथनी और करनी को जनता के सामने उजागर किया जाएगा। इसके पश्चात कलाकारों का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी से मुलाकात कर अपनी समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग करेगा।
रहें मौजूद
इस बैठक में महासंघ के अध्यक्ष सुंदर सिंह लटवाल, कुंवर शाहा, राजेंद्र, शीला पंत, भावना कठायत, दयाल राम, प्रकाश, नीरज कुमार, आशीर्वाद गोस्वामी, चंदन, मोहन भट्ट, सुनीता शर्मा, पूजा बिष्ट और महेश सहित बड़ी संख्या में लोक कलाकार मौजूद रहे।