अल्मोड़ा: उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के दिशा-निर्देशों एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अल्मोड़ा के अध्यक्ष सह जनपद न्यायाधीश योगेश कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में, 16 नवंबर 2026 को राजकीय इंटर कॉलेज मेरगांव में एक भव्य विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का आयोजन
इस मौके पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनामिका सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया। इस शिविर के दौरान मुख्य रूप से निम्नलिखित कार्यक्रम संपन्न हुए। जीआईसी मेरगांव में ग्रामीणों और जरूरतमंदों को सुगमता से कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक ‘लीगल एड क्लीनिक’ का उद्घाटन किया गया। शिविर में समाज कल्याण विभाग, कृषि विभाग और श्रम विभाग के स्टॉल लगाए गए, जहां अधिकारियों ने उपस्थित ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर उनका मौके पर ही निस्तारण किया। इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा ‘बाल विवाह’ जैसे गंभीर विषय पर एक आकर्षक नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया गया। नालसा की ‘DAWN’ (ड्रग अवेयरनेस एंड वेलनेस नेविगेशन फॉर ए ड्रग फ्री इंडिया – 2025) योजना के अंतर्गत नशामुक्त समाज, नशे की रोकथाम, युवा जागरूकता, नशा मुक्ति व पुनर्वास और कानूनी सहायता पर विस्तार से जानकारी दी गई। शिविर में ‘विश्व सहिष्णुता दिवस’ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज में प्रेम, शांति, भाईचारा, समानता और सभी धर्मों व संस्कृतियों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने का संदेश दिया गया।
रहें मौजूद
कार्यक्रम के दौरान लमगड़ा के ब्लॉक प्रमुख त्रिलोक सिंह रावत, पूर्व ग्राम प्रधान हेम चंद्र पाण्डेय, पूर्व क्षेत्र पंचायत चंदन सिंह मेर, जीआईसी मेरगांव के प्रधानाचार्य तथा अधिकार मित्र संदीप टम्टा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।