उत्तराखंड: इबोला संक्रमण को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, विदेश से लौटने वालों की होगी निगरानी, गाइडलाइन का पालन भी अनिवार्य

​उत्तराखंड: अफ्रीकी देशों में बढ़ रहे इबोला संक्रमण के मामलों को देखते हुए उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर हैं। संक्रमण की रोकथाम के लिए देहरादून जिले के सभी सरकारी और निजी अस्पतालों को निगरानी व बचाव के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।

स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रभावित देशों से लौटने वाले यात्रियों की पहचान कर 21 दिनों तक उनकी दैनिक स्वास्थ्य निगरानी की जाएगी। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने एम्स ऋषिकेश के निदेशक, जिला अस्पतालों के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षकों और सभी सरकारी व निजी मेडिकल कॉलेजों को पत्र जारी कर शासन की गाइडलाइन का सख्ती से पालन करने को कहा है। साथ ही प्रभावित देशों से आने वाले यात्रियों की सूची एयरपोर्ट हेल्थ के इंटीग्रेटेड डिजीज सर्विलांस प्रोग्राम (IHIP) पोर्टल पर उपलब्ध होगी। इसके आधार पर जिला सर्विलांस इकाई यात्रियों से संपर्क कर रोजाना उनकी सेहत का अपडेट लेगी। सभी अस्पतालों को संक्रमण नियंत्रण प्रोटोकॉल का पालन करते हुए संदिग्ध मरीजों के लिए सिंगल रूम आइसोलेशन वार्ड, पीपीई किट, एन-95 मास्क, ग्लव्स और आवश्यक चिकित्सा उपकरण तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। गंभीर या संदिग्ध मरीजों को रेफर करने के लिए एम्स ऋषिकेश को नामित किया गया है।

बरती जाएगी विशेष सतर्कता

स्वास्थ्य विभाग ने संदिग्ध मरीजों की पहचान के लिए मानक तय किए हैं। यदि किसी व्यक्ति ने पिछले 21 दिनों में प्रभावित क्षेत्र की यात्रा की है या किसी संदिग्ध मरीज के संपर्क में आया है, और उसमें बुखार के साथ रक्तस्राव, आंखें लाल होना, शरीर पर लाल चकत्ते, दस्त या खून की उल्टी जैसे लक्षण दिखते हैं, तो तत्काल जांच व उपचार किया जाएगा। सीएमओ ने प्रभावित देशों से लौटे यात्रियों से अपील की है कि वे 21 दिनों तक अपने स्वास्थ्य पर नजर रखें और कोई भी लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।