अल्मोड़ा: ग्रामीण क्षेत्रों की जनता को सरकारी योजनाओं का लाभ उनके गांव में ही उपलब्ध कराने के उद्देश्य से क्षेत्र पंचायत सदस्य विनीता तड़ागी के प्रयासों से विभिन्न ग्राम पंचायतों में श्रम कार्ड शिविरों का सफल आयोजन किया गया।
शिविर का आयोजन
इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों के नए श्रम कार्ड बनाए गए तथा पुराने श्रम कार्डों का नवीनीकरण, अपडेट और आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित कार्य किए गए। ये शिविर ग्राम पंचायत रिखे, ग्राम सभा उजगल, ग्राम सभा पठोरा, ग्राम सभा गल्ली बसूरा, ग्राम सभा डांगीखोला सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित किए गए। शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाया। ग्रामीणों ने बताया कि पहले श्रम कार्ड बनवाने अथवा पुराने कार्डों में संशोधन और अपडेट करवाने के लिए अल्मोड़ा जाना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों खर्च होते थे। लेकिन गांव में ही शिविर आयोजित होने से उनकी परेशानी काफी हद तक कम हुई है।
जताया आभार
इस जनहितकारी पहल और सफल आयोजन के लिए सभी संबंधित ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों ने क्षेत्र पंचायत सदस्य विनीता तड़ागी का विशेष आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया। ग्राम प्रधानों ने कहा कि विनीता तड़ागी की सक्रिय पहल, निरंतर प्रयासों और सहयोग के कारण ही गांव-गांव में इन श्रम कार्ड शिविरों का सफल आयोजन संभव हो पाया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं को समझते हुए उन्हें गांव में ही सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराना सराहनीय कार्य है। ग्राम प्रधानों ने उनके प्रयासों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी इसी तरह जनहित के कार्य जारी रखने की अपेक्षा जताई। इस अवसर पर ग्राम प्रधानों एवं ग्रामीणों ने समाजसेवी जीवन सिंह तड़ागी का भी आभार व्यक्त किया।
मिलेगा यह लाभ
ग्रामीणों ने कहा कि इस तरह की पहल से सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में मदद मिलती है। जनप्रतिनिधियों का वास्तविक दायित्व भी यही है कि वे जनता की समस्याओं को समझें और उनके समाधान के लिए धरातल पर प्रयास करें। इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य विनीता तड़ागी ने कहा कि ग्रामीण जनता की सुविधा और जरूरतों को ध्यान में रखते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी शिविर आयोजित कराने के प्रयास जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि जनसेवा का संकल्प, गांव-गांव तक सुविधा और हर जरूरतमंद तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही उनका मुख्य उद्देश्य है।