UGC का बड़ा फैसला: NEP से पहले एक साथ की गई पुरानी ‘ड्युअल डिग्री’ भी होंगी वैध, छात्रों को मिलेगी राहत

​जरूरी खबर सामने आई है। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) ने देश के लाखों छात्रों को बड़ी राहत देते हुए एक ऐतिहासिक फैसला लिया है।

लिया यह निर्णय

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आयोग ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP 2020) की अधिसूचना जारी होने से पहले, यानी पूर्व में एक साथ की गई दोहरी डिग्री को भी वैध मानने का निर्णय लिया है। अब तक यूजीसी के नियमों के तहत एक साथ दो कोर्स करने की छूट केवल नई अधिसूचना के बाद दाखिला लेने वाले नए छात्रों पर ही लागू होती थी। हालांकि, आयोग ने इस नियम में संशोधन करते हुए तय शर्तों और मापदंडों को पूरा करने पर पुरानी ड्युअल डिग्री को भी आंशिक मंजूरी दे दी है। एक साथ दो डिग्री पूरी करने के लिए छात्र निम्नलिखित 3 विकल्पों का चयन कर सकते हैं:
1. ​दोनों फुल-टाइम (ऑफलाइन-रेगुलर) मोड में: छात्र दो अलग-अलग रेगुलर डिग्री एक साथ कर सकते हैं, बशर्ते दोनों कक्षाओं का समय आपस में न टकराए (जैसे एक सुबह की पाली में और दूसरी शाम की पाली में हो)।
2. ​एक फुल-टाइम और एक ऑनलाइन/डिस्टेंस मोड में: एक डिग्री नियमित कॉलेज से और दूसरी ओपन या ऑनलाइन माध्यम से की जा सकती है।
3. ​दोनों ऑनलाइन/डिस्टेंस मोड में: छात्र दोनों डिग्रियां ओपन या ऑनलाइन माध्यम से भी एक साथ पूरी कर सकते हैं।

​
जानें क्या हैं यूजीसी की शर्तें

यूजीसी ने स्पष्ट किया है कि गाइडलाइन जारी होने से पहले की गई दोनों डिग्रियां तभी मान्य होंगी जब वे आयोग के निर्धारित मानकों पर खरी उतरेंगी। दोनों डिग्रियां यूजीसी के नियमों और संबंधित विश्वविद्यालयों के अध्यादेश के अनुरूप होनी चाहिए।यदि उन कोर्सेज पर किसी वैधानिक पेशेवर परिषद (जैसे BCI, NCTE आदि) के मानदंड लागू होते हैं, तो उनका पूर्ण पालन किया गया है। नियमित मोड में किए गए कोर्सेज के लिए संबंधित यूनिवर्सिटी या वैधानिक परिषद की न्यूनतम उपस्थिति और अन्य नियमों का पालन अनिवार्य है।

​
​