उत्तराखंड: प्रदेश में मानव-वन्यजीव संघर्ष पर लगेगी लगाम,  तैयार होगा इतने साल का डेटाबेस, हॉटस्पॉट क्षेत्रों की होगी मैपिंग

​उत्तराखंड: उत्तराखंड के देहरादून जिले में मानव-वन्यजीव संघर्ष की बढ़ती घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है।

डेटाबेस होगा तैयार

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसके तहत हाथी, गुलदार, बाघ, भालू और सांपों की आवाजाही वाले हॉटस्पॉट क्षेत्रों की एरिया वाइज मैपिंग कर संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाई जाएगी। साथ ही पिछले 10 वर्षों में हुई मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं का क्षेत्रवार (एरिया वाइज) डेटाबेस तैयार किया जाएगा। इसके आधार पर उन संवेदनशील स्थलों को प्राथमिकता के साथ चिह्नित किया जाएगा। जहां वन्यजीवों और इंसानों के बीच टकराव की आशंका सबसे अधिक रहती है। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए निम्नलिखित कदम उठाए जाएंगे।
• ​आधुनिक निगरानी: संवेदनशील क्षेत्रों में कैमरा ट्रैप, निगरानी कैमरों और अर्ली वार्निंग सिस्टम जैसी तकनीकों का अधिकाधिक उपयोग किया जाएगा।
• ​स्थानीय लोगों को सुरक्षा उपकरण: चिह्नित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने के साथ-साथ ग्रामीणों व स्थानीय लोगों को लाठी, टॉर्च और लाउड हेलर जैसे आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।
• ​सोलर लाइट और सफाई व्यवस्था: उरेडा एवं विद्युत विभाग को संवेदनशील इलाकों में पर्याप्त सोलर लाइट लगाने और नगर निगम व नगर पालिकाओं को ठोस अपशिष्ट एवं कूड़े का समुचित निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि वन्यजीव आबादी की ओर आकर्षित न हों।
•  ​हेल्पलाइन का प्रचार: वन्यजीव संघर्ष या वनाग्नि की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम तक पहुंचाने के लिए हेल्पलाइन नंबर 1926 का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा गया है।
​