अल्मोड़ा: शहर में लोगों की सेहत से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसी कड़ी में शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने नगर के विभिन्न होटलों, ढाबों और रेस्टोरेंटों में औचक छापेमारी की।
विभाग का अभियान
जानकारी के अनुसार इस दौरान टीम ने कड़ाही में इस्तेमाल हो रहे खाद्य तेल की जांच की और संचालकों को सख्त निर्देश दिए कि एक ही तेल को बार-बार गर्म करके भोजन न पकाएं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान टीम ने कारोबारियों को एफएसएसएआई (FSSAI) के मानकों व नियमों से अवगत कराया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी खाद्य तेल का दो बार से अधिक उपयोग करना नियमों के विरुद्ध है। नियम तोड़ते पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान का चालान काटने के साथ-साथ लाइसेंस निरस्त करने जैसी सख्त कार्रवाई भी की जा सकती है।
सेहत के लिए खतरनाक है बार-बार गर्म किया तेल
निरीक्षण के दौरान टीम ने होटल व ढाबा संचालकों को जले या बार-बार गर्म किए गए तेल के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया। अधिकारियों ने बताया कि एक ही तेल को बार-बार गर्म करने से वह सेहत के लिए बेहद नुकसानदेह हो जाता है और कैंसर, हृदय रोग तथा पेट से जुड़ी गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है। अधिकारियों ने कहा कि शासन के निर्देश पर यह विशेष जांच अभियान शुरू किया गया है, जो आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।