हल्द्वानी: हल्द्वानी में आयोजित विदाई समारोह के दौरान 31वीं वाहिनी पीएसी में स्थानांतरित वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. तथा पुलिस अधीक्षक बागेश्वर स्थानांतरित एसपी डॉ. जगदीश चंद्र को भावभीनी विदाई दी गई।
दी भावभीनी विदाई
इस समारोह में अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों अधिकारियों के कार्यकाल, कार्यशैली व योगदान को याद करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विदाई समारोह में एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की दृढ़ निर्णय क्षमता, प्रभावी पुलिस प्रबंधन और मानवीय संवेदनाओं की सराहना की गई। वहीं, पुलिस अधीक्षक बागेश्वर नियुक्त हुए एसपी क्राइम/ट्रैफिक नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र के सरल स्वभाव, प्रभावी पुलिसिंग और कुशल यातायात प्रबंधन की भी मुक्तकंठ से प्रशंसा की गई।
भावुक और प्रेरक संबोधन
उन्होंने कहा कि एक एसएसपी के लिए सबसे कठिन क्षण कानून-व्यवस्था या गंभीर अपराध की चुनौती नहीं, बल्कि अपने फोर्स के किसी सदस्य को खोने का संकट होता है। उन्होंने सड़क हादसे में घायल कांस्टेबल पुष्कर रौतेला के उपचार और तीन दिन तक आईसीयू में चले संघर्ष का जिक्र करते हुए कहा कि पुलिस लाइन व हल्द्वानी क्षेत्र के थाना-चौकी प्रभारियों सहित सभी कर्मियों ने जिस तत्परता, रक्तदान और समर्पण से रात-दिन सहयोग किया, उसी सामूहिक प्रयास से वह आज स्वस्थ और सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि नैनीताल में सभी ने मिलकर जिम्मेदारियों को पूरा किया और जीवन में बहते पानी की तरह अलग-अलग दायित्वों में कार्य करना ही सफलता दिलाता है। एसपी डॉ. जगदीश चंद्र ने कहा कि अपने सेवा अनुभव, अधीनस्थ कर्मियों व अधिकारियों से मिली सीख तथा डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की कार्यशैली की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस काम तो कर लेती है, लेकिन सौहार्दपूर्ण ढंग से समझाकर और सही ब्रीफिंग के साथ किया गया कार्य बेहतर परिणाम देता है, जिसमें आपसी संबंध सबसे अधिक काम आते हैं। उन्होंने बताया कि बड़े आयोजनों और संवेदनशील ड्यूटियों के दौरान एसएसपी ने कभी अनावश्यक दबाव नहीं बनाया, बल्कि स्पष्ट दिशा-निर्देश देकर कार्य करने की स्वतंत्रता और विश्वास दिया, जिससे टीम का मनोबल ऊंचा रहा।
रहें मौजूद
इस अवसर पर जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी और विभिन्न शाखाओं के प्रभारी मौजूद रहे।