रानीखेत: कोरोना काल के बाद से बंद पड़े नगर के कौमी एकता के प्रतीक हजरत शाह कालू सय्यद बाबा के उर्स समारोह की तैयारियां शुरू हो गईं हैं। बीते रविवार को उर्स की तैयारियों को लेकर आयोजित खादिमों व नागरिक संगठनों की बैठक में आयोजन को लेकर विचार-विमर्श हुआ। चादरपोशी, मुशायरा, कवि सम्मेलन सहित उर्स के विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई। 48वें उर्स समारोह का 25 मई से आगाज होगा।
दो सालों से कालू सय्यद बाबा का उर्स समारोह नहीं हुआ था
कोरोना महामारी के चलते विगत दो सालों से कालू सय्यद बाबा का उर्स समारोह नहीं हुआ था, सिर्फ सांकेतिक रूप से उर्स मनाया जा रहा था। इधर, अब कोरोना महामारी नियंत्रण में आने के बाद 48वें उर्स समारोह की तैयारियां शुरू कर दी गईं हैं। तैयारियों को लेकर रविवार को बाबा की मजार में एकता बैठक हुई। तय हुआ कि 25 मई से प्रस्तावित उर्स में मुशायरा, कवि सम्मेलन सहित विभिन्न कार्यक्रम होंगे। 26 की शाम नागरिकों की ओर से जार में सामूहिक चादर चढ़ाई जाएगी। मजार परिसर के आस-पास व्यापारी स्टाल लगाएंगे। बाहर से आने वाले सभी व्यापारियों का सत्यापन किया जाएगा। साथ ही व्यापारियों को मास्क का भी इस्तेमाल करना होगा। जायरीनों के ठहरने व सुविधाओं के उचित इंतजाम किए जाएंगे।
उर्स के दौरान मजार मार्ग में यातायात व्यवस्था पर भी चर्चा हुई
उर्स के दौरान मजार मार्ग में यातायात व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। स्थानीय प्रशासन व छावनी परिषद से सहयोग मांगने का निर्णय लिया गया। 29 मई की सुबह कुल शरीफ के साथ उर्स का समापन होगा। उर्स प्रबंधक खादिम मो. मोहसिन ने नागरिकों व सभी क्षेत्रवासियों से सहयोग मांगा।
मौजूद रहे
कैंट बोर्ड के नामित सदस्य मोहन नेगी, चिलियानौला नगर पालिका अध्यक्ष कल्पना देवी, व्यापार संघ महिला उपाध्यक्ष नेहा माहरा, अगस्त लाल साह, उमेश भट्ट, वसीम, रियाज खान, कृपाल राम, एजाज भाई, शौकत अली, नईम खान, कुलदीप कुमार, हिमांशु नैनवाल आदि मौजूद रहे।