अल्मोड़ा में करीब तीन साल से बंद चल रहे भैंसियाछाना ब्लॉक के प्रावि गौनाप दोबारा संचालित किया जाएगा। सीईओ ने इस स्कूल में शिक्षक तैनात करने के आदेश जारी कर दिए हैं। इससे क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है।
गांव में एक दिव्यांग समेत कुल चार बच्चे शिक्षा से हो गए थे वंचित:
छात्रसंख्या कम होने के कारण मार्च 2019 में भैंसियाछाना के ग्राम पंचायत बबुरियानायल के प्रावि गौनाप को बंद कर दिया गया था। इसके चलते इस गांव में एक दिव्यांग बालक समेत तीन बच्चे दो साल से शिक्षा से वंचित थे। गांव में आगनबाड़ी केंद्र भी नहीं था। पूर्व में इस ग्राम पंचायत के दो अन्य स्कूल भी छात्रसंख्या कम होने के कारण बंद कर दिए गए थे।
गांव में नौ किमी की दूरी तक नहीं था कोई दूसरा स्कूल, सीईओ ने जारी किए स्कूल दोबारा खोलने के आदेश:
लिहाजा गौनाप के इन चार छात्रों को प्राथमिक शिक्षा के लिए नौ किमी दूर धौलछीना पढ़ने के लिए जाना था, लेकिन अभिभावक और बच्चे इसके लिए राजी नहीं हुए। धौलछीना तक पहुंचने के लिए दुरूह रास्ते और जंगल पार करने थे। ग्रामीण लंबे समय से शिक्षा से वंचित चारों छात्रों के लिए स्कूल खोलने की मांग कर रहे थे।इस संबंध में मुख्य शिक्षा अधिकारी ने अधिकारियों को गांव का स्थलीय निरीक्षण के आदेश दिए थे।
गौनाप प्रावि को दोबारा संचालित करने की तैयारी शुरू, इसी शिक्षा सत्र से पढ़ाई शुरू:
इधर, मुख्य शिक्षा अधिकारी सुभाष चंद्र भट्ट ने बताया कि गौनाप प्रावि को दोबारा संचालित करने की तैयारी शुरू कर दी है। उस स्कूल के लिए एक शिक्षक की व्यवस्था भी कर ली गई है। इसी शिक्षा सत्र से वहां पढ़ाई शुरू हो जाएगी।