उत्तराखंड से जुड़ी खबर सामने आई है। आए दिन ठगी के मामले बढ़ते जा रहे हैं। ऐसा ही एक मामला हल्द्वानी से सामने आया है।
जानें पूरा मामला-
यहां सरकारी नौकरी का झांसा देकर चार लोगों से 29 लाख रुपये ठगे गए हैं। पुलिस के अनुसार लछमपुर गौलापार निवासी कुंजन पोखरिया ने बताया कि उसकी मुलाकात दिसंबर 2016 में रितेश पांडे पुत्र मोहन चंद्र पांडे निवासी मृदुल विहार पीलीकोठी से हुई थी। इसके बाद दोनों की मुलाकात होती रहती थी। इसी बीच रितेश पांडे ने बताया कि उत्तराखंड उच्च न्यायालय में स्टेनोग्राफर की सीधी भर्ती हो रही है और उक्त भर्ती उसके एक रिश्तेदार द्वारा करवाई जा रही है। कुंजन ने अपनी मामा की बेटी पूजा डसीला की नौकरी लगवाने को कहा तो रितेश बोला कि पांच लाख का इंतजाम कर लो काम हो जाएगा। उसने कहा कि उसका कोई परिचित या रिश्तेदार है तो वह उनकी नौकरी भी लगवा सकता है। इस संबंध में कुंजन ने अपने बड़े भाई पुष्कर सिंह पोखरिया व अपने परिचित कृष्णा चंद पुत्र गोपाल चंद लछमपुर गौलापार की मुलाकात रितेश पांडे से कराई। इसके अलावा उनके मामा के बेटे नागेंद्र कफलिया से भी नौकरी लगाने की बात हुई। जिस पर व्यक्ति ने उससे 29 लाख ले लिए, लेकिन अभी तक नौकरी नहीं लगी। वहीं एसओ प्रमोद पाठक ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।