उत्तराखंड ब्रेकिंग: टिहरी में गंगोत्री हाईवे पर खाई में गिरा बोलेरो वाहन, 06 की मौत

उत्तराखंड से जुड़ी दुखद खबर सामने आई है। यहां एक सड़क हादसे ने 06 लोगों की जान ले‌‌ ली। यह हादसा टिहरी में गंगोत्री राजमार्ग पर कंडीसौड़ तहसील के पास हुआ।

खाई में गिरा वाहन-

मिली जानकारी के अनुसार आज‌ बुधवार दोपहर 3:30 बजे गंगोत्री राजमार्ग पर कंडीसौड़ तहसील के पास कोटी गाड (बरसाती नाला) में बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। बताया जा रहा है कि वाहन‌ चंबा से उत्तरकाशी की तरफ जा रहा था। तभी कंडीसौड़ से पहले कोटी गाड में वाहन अनियंत्रित हो गया और पैराफीट तोड़ते हुए खाई में गिर गया। जिस पर वाहन के खाई में गिरते ही उसमें आग लग गई। स्थानीय निवासियों ने वाहन खाई में गिरते हुए देखा तो वे मौके पर पहुंचे। उन्‍होंने वाहन में लगी आग पानी डालकर बुझाई।

पश्चिम बंगाल के बताए जा रहे सभी मृतक-

इस संबंध में तहसीलदार किशन सिंह महंत ने बताया कि वाहन में छह लोग सवार थे। इनमें पांच पुरुष और एक महिला शामिल हैं। बताया जा रहा है कि वाहन में सभी सवार सभी युवा पश्चिम बंगाल के थे और उत्तरकाशी की किसी पहाड़ी पर ट्रैकिंग करने के लिए उत्तरकाशी जा रहे थे। अभी शवों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस जांच में जुटी हुई है।