अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। यहां मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा के लिए विभिन्न पदों पर एक आउटसोर्स कंपनी की ओर से गुपचुप साक्षात्कार कराने से युवाओं में आक्रोश है। जिस पर विरोध में युवाओं ने यहां जमकर नारेबाजी की। साथ ही युवाओं ने वहां पर जमकर हंगामा काटा।
जानें पूरा मामला-
जानकारी के अनुसार बुधवार को एक आउटसोर्स कंपनी की ओर से नगर के एक होटल में मेडिकल कालेज के विभिन्न पदों के लिए साक्षात्कार कराए जा रहे थे। युवाओं का आरोप है कि साक्षात्कार के लिए कुछ ही युवाओं को बुलाया गया। अन्य युवाओं को भी इसकी भनक लगी तो युवा धर्म निरपेक्ष मंच के संयोजक विनय किरौला के नेतृत्व में उस होटल में धमक गए जहां साक्षात्कार चल रहा था। विनय किरौला ने कहा कि बिना सूचना साक्षात्कार कराकार युवाओं को गुमराह किया जा रहा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आरोप है कि कंपनी की ओर से पूर्व सूचना के लिए कोई विज्ञप्ति तक नहीं निकाली गई। कुछ ही युवाओं को मैसेज कर बुलाया गया।
फिर से होगा साक्षात्कार-
जिसके बाद सूचना मिलने पर सीएमओ डॉ. आरसी पंत और एसडीएम सदर गोपाल सिंह चौहान के साथ प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई। देर तक चली वार्ता के बाद साक्षात्कार को फिलहाल निरस्त कर दिया गया। विज्ञप्ति जारी कर फिर से साक्षात्कार कराने पर सहमति बनी।
यह लोग रहें मौजूद-
इस मौके पर राहुल कनवाल, अमित चौधरी, मयंक पंत आदि लोग मौजूद रहें।