नैनीताल:  अपने बच्चों से मिलने आ रहे युवक की बाइक रपटने से मौत

देर रात नैनीताल के मनु महारानी होटल के समीप हुए सड़क हादसे में पीलीभीत निवासी युवक की मौत हो गई। युवक रामनगर के रिजॉर्ट में काम करता था और बाइक से नैनीताल में अपने बच्चों से मिलने आ रहा था।

रामनगर से नैनीताल आ रहा था युवक

जानकारी देते हुए मल्लीताल थाने के एसएसआई दीपक बिष्ट ने बताया कि रात करीब दो बजे गुरदीप सिंह 30 साल पुत्र बलकार सिंह, निवासी मेहचन्नी, पीलीभीत उत्तरप्रदेश, रामनगर से नैनीताल आ रहा था। युवक बाइक से जब मनु महारानी होटल के समीप पहुंचा तो अचानक उसकी बाइक रपट गई। बाइक के साथ  युवक सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा टकराया। जिससे युवक मौके पर ही बेहोश हो गया।

होटल के कर्मचारियों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी

ड्यूटी पर तैनात होटल के कर्मचारियों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। घायल युवक को एंबुलेंस के जरिए बीडी पांडे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। बताया कि युवक के परिजनों को सूचना दे दी गई है शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पता चला है कि युवक की पत्नी व बच्चे नैनीताल में ही रहते थे। गुरदीप रामनगर के किसी रिजॉर्ट में काम करता था और देर रात अपने परिवार से मिलने नैनीताल आ रहा था।