अल्मोड़ा में कोविशील्ड का टीका खत्म होने से वयस्कों के बूस्टर डोज टीकाकरण अभियान में संकट के बादल गहरा गए हैं। टीका खत्म होने से बीते मंगलवार को भी 15 केंद्रों में से 10 केंद्रों में वयस्कों को कोविशील्ड टीके की बूस्टर डोज नहीं लग सकी। जिससे कई लोगों को केंद्रों से बैरंग लौटना पड़ा। हालांकि कोवैक्सीन की डोज पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं।
मंगलवार को 18 से 59 साल के 261 वयस्कों को बूस्टर डोज लगाई गई
जिले में बीते शुक्रवार से 18 से 59 साल के लोगों के लिए तीसरी यानी बूस्टर डोज टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है। लेकिन अब इधर इस अभियान में ब्रेक लगता दिख रहा है। आलम यह है कि कोविशील्ड का टीका खत्म होने से मंगलवार को 15 केंद्रों में से केवल 4 केंद्रों में वयस्को को कोविशील्ड की बूस्टर डोज लग सकी। इससे केंद्र पहुंचे कई वयस्कों को वापस जाना पड़ा। जल्द टीका नहीं मिलने पर अभियान में पूरी तरह ब्रेक लग सकता है। । इधर मंगलवार को 18 से 59 साल के 261 वयस्कों को बूस्टर डोज लगाई गई।
जल्द ही टीका मिलने की उम्मीद
इंद्र सिंह अल्मियां, जिला सहायक प्रतिरक्षण अधिकारी अल्मोड़ा का कहना है कि कई केंद्रों में कोविशील्ड टीके खत्म हो गए हैं, टीके की डिमांड भेजी गई है, जल्द ही टीका मिलने की उम्मीद है।