अल्मोड़ा: उपचार को पहुंची किशोरी समेत 8 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि

अल्मोड़ा जिले में एक बार फिर कोरोना संक्रमण तेजी से पैर पसार रहा है। हर दिन बड़ी संख्या में लोग कोरोना संक्रमण की चपेट में आ रहे है। बीते बुधवार को जिला अस्पताल में उपचार को पहुंचे आठ मरीजों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। सभी मरीजों को आइसोलेट कर दिया गया है।

पर्ची काउंटर पर की गई कोरोना की जांच व्यवस्था

    जिला मुख्यालय के अस्पतालों के पर्ची काउंटर पर कोरोना जांच की व्यवस्था की गई है। संदिग्ध मरीजों का उपचार से पहले कोरोना जांच की जा रही है। बुधवार को भी जिला अस्पताल में उपचार को आये 33 मरीजों की कोरोना जांच की गई। इसमें से एक 13 वर्षीय बालिका समेत कुल आठ मरीजों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। हालांकि अस्पताल प्रशासन की ओर से सभी मरीजों को आइसोलेशन के लिए भेज दिया गया। जबकि संपर्क में आए अन्य लोगों को चिन्हित किया जा रहा है।

बिना मास्क के अस्पताल में प्रवेश न करने की अपील

इधर, पीएमएस डॉ. कुसुमलता ने बताया कि उपचार को पहुंच रहे संदिग्ध मरीजों की लगातार जांच की जा रही है। उन्होंने सभी से नियमों का पालन करने और बिना मास्क के अस्पताल में प्रवेश न करने की अपील की है।