अल्मोड़ा दन्या थाना क्षेत्र के एक गांव में अपहरण के बाद किशोरी से दुराचार का मामला सामने आया है। पुलिस ने किशोरी को बरामद कर लिया है। साथ ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। किशोरी को नारी निकेतन भेज दिया गया है।
25 जुलाई को संदिग्ध हालात में गायब हुई नाबालिग
दन्या थाने के एसओ सुशील कुमार ने बताया कि बीती 25 जुलाई को क्षेत्र से 17 वर्षीय एक किशोरी संदिग्ध हालात में गायब हो गई थी। तमाम खोजबीन के बाद भी किशोरी का सुराग नहीं लगने पर उसकी मां ने दन्या थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इधर, पुलिस टीम सर्विलांस की मदद से उसकी खोजबीन में जुट गई थी। बीते दिनों पुलिस ने किशोरी को बरामद कर लिया था। उसके साथ पुलिस ने मनिआगर के गिरचोला गांव निवासी आरोपी हिमांशु आर्या पुत्र पूरन लाल को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि आरोपी ने किशोरी के साथ दुराचार की घटना का अंजाम दिया था।
आरोपी के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम के तहत केस दर्ज
इस पर पुलिस ने आरोपी हिमांशु के खिलाफ आईपीसी की धारा 376, 365 और पॉक्सो अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। एसओ ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। वहीं दूसरी ओर पीड़िता को नारी निकेतन भेजा गया है।