नई शिक्षा नीति के तहत अब सोबन सिंह जीना विवि से संबंद्ध सभी परिसरों और महाविद्यालय में नये सत्र में सेमेस्टर की परीक्षा होगी। योजना के तहत पहली बार एसएसजे विवि प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं आयोजित करेगा। एनईपी-2020 के प्रावधानों के अनुसार छात्रों को जिन विषयों का चयन करवाया जाएगा, उनके लिए परीक्षा का स्वरूप निर्धारण किया जाएगा।
5 व 6 अगस्त को दिया जाएगा प्रशिक्षण
एसएसजे विवि से संबंद्ध 40 कॉलेजों में नई शिक्षा नीति लागू करने के लिए आगामी 5 व 6 अगस्त को विवि प्रशासनिक भवन में अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, चम्पावत और बागेश्वर कॉलेजों के प्राध्यापकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिसके लिए विवि प्रशासन की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई है।
नई शिक्षा नीति के तहत चॉइस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम को लागू किया जाएगा
परीक्षा नियंत्रक प्रो. सुशील कुमार जोशी ने बताया कि नई शिक्षा नीति के तहत चॉइस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम को लागू किया जाएगा। इस सिस्टम के तहत छात्र अपने मनपसंद विषयों का चुनाव कर सकता है। छात्रों को दो मुख्य विषय अपने संकाय से लेने होंगे। साथ ही स्नातक में वोकेशनल कोर्स अनिवार्य होगा।