उत्तराखंड: इस दिन से बंद हो जाएगी विश्व प्रसिद्ध फूलों की घाटी

उत्तराखंड के चमोली की विश्व प्रसिद्ध फूलों की घाटी शीतकाल के लिए 31 अक्तूबर से बंद हो जाएगी । ठंड बढ़ने के साथ अब फूल सूखने लगे हैं । अब इसे बंद करने का समय आ गया है।  बता दें कि एक जून को फूलों की घाटी को पर्यटकों के लिए खोला गया था ।

वन विभाग के की 31 लाख से अधिक की कमाई

विश्व प्रसिद्ध फूलों की घाटी में इस साल रिकॉर्ड तोड पर्यटक आए । जिससे विभाग ने 31 लाख से अधिक की कमाई की । नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क के फूलों की घाटी रेंज के रेंजाधिकारी गौरव नेगी ने बताया कि घाटी में इस साल अभी तक रिकॉर्ड 20,827 तीर्थयात्री आ चुके हैं जिसमें 280 विदेशी पर्यटक भी शामिल हैं। इससे विभाग को 31,73,400 की आय प्राप्त हो चुकी है। इससे पहले वर्ष 2019 में 17,424 पर्यटक आए थे जिनसे विभाग को 27,60,825 रुपये की आय हुई थी। घाटी में जुलाई से अक्तूबर तक 300 से अधिक प्रजाति के फूल खिलते हैं। जिसमें पोटोटिला, प्रिम्यूला, एनीमोन, एरिसीमा, एमोनाइटम, ब्लू पॉपी, मार्स मेरी गोल्ड, ब्रह्म कमल, फैन कमल जैसे कई फूल शामिल है । घाटी में दुर्लभ प्रजाति के जीव जंतु, वनस्पति व जड़ी बूटियों का भंडार है। विभिन्न प्रकार के फूल होने पर यहां तितलियों का भी संसार रहता है।