◆ देव संस्कृति विश्वविद्यालय का दो दिवसीय दीक्षांत समारोह आज संपन्न हो गया है। दीक्षांत समारोह में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विभिन्न विषयों में अव्वल रहे विद्यार्थियों को उपाधियां दी। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल भी प्रदान किए।
◆ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी चिकित्सालय का निरीक्षण किया और भर्ती मरीजों व ओपीडी में आये रोगियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी।
◆ मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने आज सुबह हल्द्वानी रानीबाग स्थित एचएमटी परिसर का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि एचएमटी परिसर के लिए प्रदेश सरकार जल्द ही मास्टर प्लान तैयार करेगी और करीब 45 एकड़ जमीन के लिए उद्योग और अन्य क्षेत्रों के लिहाज से बेहतर संभावनाओं की तलाश जारी है।
◆ राज्यपाल लुटिनेंट गुरमीत सिंह ने कहा है कि स्वस्थ भारत, समृद्ध भारत के लक्ष्यों को पूरा करने के लिए प्रदेश को टीबी मुक्त बनाने के साथ ही इसे जड़ से समाप्त करने का संकल्प लेना होगा।
◆ विद्यालयी शिक्षा मंत्री धनसिंह रावत ने कहा है कि नवम्बर माह के प्रथम सप्ताह प्रदेशभर में विद्या संवाद कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। जिसके तहत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी विभिन्न जिलों में जाकर शिक्षकों, अभिभावकों और छात्र-छात्राओं से संवाद स्थापित करेंगे।
◆ खेल मंत्री रेखा आर्य ने आज देहरादून के आमवाला में बहुउद्देशीय क्रीड़ा भवन का उद्घाटन किया, कहा- क्रीड़ा हॉल के बनने से खिलाड़ियों की खेल में आ रही दिक्कतें दूर होंगी और वह अपने हुनर को और अधिक बेहतर निखार सकेंगे।
◆ उत्तराखंड में चार नवंबर को लोकपर्व इगास का अवकाश रहेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के बाद मंगलवार को शासन ने छुट्टी का आदेश जारी कर दिया।
◆ उत्तराखंड राज्य संपत्ति विभाग ने सचिवालय के अफसरों की टैक्सियों पर पीली के बजाए सफेद नंबर प्लेट लगाने पर रोक लगा दी है। विभाग ने मुख्य व्यवस्थाधिकारी को पत्र भेजकर तत्काल नियमानुसार प्लेट बदलवाने को कहा है।
◆ दलित नेता जगदीश हत्याकांड के एक आरोपी की कोर्ट ने जमानत याचिका खारिज कर दी है। पुलिस ने एक महिला सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसमें एक आरोपी ने कोर्ट में जमानत याचिका दाखिल कराई थी।
◆ आईएएस अफसर रीना के नाम पिथौरागढ़ की पहली महिला डीएम होने का रिकॉर्ड दर्ज हुआ।
◆ प्रधानमंत्री के ड्रीम प्रोजक्ट केदारनाथ पुननिर्माण और नवनिर्माण कार्यों को समयबद्धता के साथ पूरा करने के लिए जिला प्रशासन ने वायु सेना की मदद ली है। वायु सेना के चिनूक हैलीकॉप्टर के माध्यम से विभिन्न निर्माण सामाग्री को गौचर हैलीपैड से केदारधाम पहुंचाने का कार्य शुरू कर दिया है।