उत्तराखंड: युवक ने मामूली विवाद पर एक व्यक्ति पर तमंचा से झोंका फायर

काशीपुर से जुड़ी खबर सामने आई है। काशीपुर में एक युवक ने गाली गलौज कर एक व्यक्ति पर जान से मारने की नियत से तमंचा से फायर झोंक दिया। जिससे वह बाल बाल बच गया। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

आरोपी तमंचे को लेकर मौके से हुआ फरार

नीझड़ा फार्म निवासी हरजीत सिंह पुत्र सतनाम सिंह ने कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंपी। कहा कि उसका पिछले कुछ समय से जस्सी धुम्मन उर्फ हैप्पी उर्फ हरप्रीत सिंह पुत्र सुरेन्द्र सिंह निवासी रानीनांगल ठाकुर द्वारा हाल निवासी ग्राम नंदरामपुर थाना आईटीआई से विवाद चल रहा हैं। दो-तीन दिन पूर्व भी उसने जान से मारने की धमकी थी। बीते शुक्रवार की शाम वह चाय पीने के लिये सिंह होटल के सामने दुकाना पर आया था। तभी जस्सी धुम्मन अपने एक अन्य साथी के साथ मोटरसाईकिल से आया और मोटरसाईकिल से उतरते ही उसके साथ गाली गलौज करने लगा। विरोध करने पर जस्सी धुम्मन ने अपने साथी के साथ मिलकर गाली गलौज कर हमला कर दिया। जस्सी ने जान से मारने की नियत से उस पर तमंचा से फायर कर दिया। जिससे वह बाल बाल बच गया। गोली की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदारों के आ जाने पर जस्सी अपने साथी के साथ तमंचे को हवा में लहराते हुए मौके से भाग गया।

मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू

पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ धारा 307, 504 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।