हल्द्वानी में खौफनाक डबल मर्डर से फैली सनसनी, गल्ला मंडी में अल्मोड़ा निवासी युवक व युवती की पत्थरों से कुचलकर निर्मम हत्या

हल्द्वानी से जुड़ी सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक युवक-युवती की दर्दनाक हत्या करने का मामला सामने आया है। यहां शहर की नवीन गल्ला मंडी में गुरुवार सुबह डबल मर्डर से हड़कंप मचा हुआ है।

दो शव बरामद

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मृतक युवक की पहचान 30 वर्षीय अल्मोड़ा निवासी शुभम कुमार टम्टा के रूप में हुई है।‌ वहीं युवती की पहचान नैनीताल निवासी लक्ष्मी के रूप में हुई थी। दरअसल युवक के जेब से पुलिस को उसका आधार कार्ड मिला। आधार कार्ड में शुभम की जन्मतिथि 31 दिसंबर 1995 लिखी हुई है। आधार कार्ड में लिखे मोबाइल नंबर से पुलिस ने उसके बारे में जानकारी मिली। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों की पत्थरों से कुचलकर निर्मम हत्या की गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ व मंडी परिसर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

जल्द आरोपियों का होगा खुलासा

दरअसल आज गुरूवार को दोनों शव मंडी परिसर के अंदर एक सुनसान हिस्से में पड़े मिले। शवों के पास बड़े पत्थर भी बरामद हुए हैं, जिनसे हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। दोनों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान मिले। वारदात के पीछे आपसी रंजिश, प्रेम प्रसंग या अन्य किसी कारण की आशंका है। इस घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है और लोग पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी एंगल से जांच की जा रही है।